पेरिस (ए.)। फ्रांस में सुरक्षा और भरोसे को चकमा देने वाली एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। फ्रांसीसी राष्ट्रपति के आधिकारिक निवास एलीसी पैलेस में काम करने वाले एक वेटर ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर महल से कीमती चांदी के बर्तन और दुर्लभ साजो-सामान चुरा लिए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अगले साल उनके खिलाफ मुकदमा चलेगा। महल के मुख्य प्रबंधक ने चोरी की सूचना दी थी। शुरुआती आकलन में नुकसान 15,000 से 40,000 यूरो के बीच बताया गया है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 42 लाख रुपये तक बैठता है। जांच में चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब महल को नियमित आपूर्ति करने वाली प्रतिष्ठित ने पाया कि महल से गायब कई वस्तुएं ऑनलाइन नीलामी साइटों पर बिक्री के लिए सूचीबद्ध हैं। इसके बाद स्टाफ से पूछताछ हुई और जांचकर्ताओं का शक एक सिल्वर स्टीवर्ड (वेटर) पर गहराने लगा। इन्वेंट्री रिकॉर्ड से संकेत मिला कि आरोपी भविष्य की चोरी की योजना भी बना रहा था। पुलिस ने पाया कि वह व्यक्ति टेबलवेयर की ऑनलाइन बिक्री में विशेषज्ञता रखने वाली एक कंपनी के मैनेजर के संपर्क में था। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के विंटेड अकाउंट पर ऐसी प्लेट मिली, जिस पर फ्रांसीसी वायु सेना और सेवर्स कारख़ाना अंकित था ये वस्तुएं आम जनता के लिए उपलब्ध नहीं होतीं। इसके बाद आरोपी के निजी लॉकर, कार और घर की तलाशी ली गई, जहां से करीब 100 कीमती वस्तुएं बरामद हुईं।








