नई दिल्ली (आरएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने रक्षा मंत्रालय में तैनात एक आर्मी अधिकारी को रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार किया है। उत्पादन विभाग में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल दीपक कुमार शर्मा पर बेंगलुरु स्थित एक निजी कंपनी से 3 लाख रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। सीबीआई की कार्रवाई के दौरान दिल्ली स्थित उनके आवास से 2.36 करोड़ रुपये नकद और कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं। मामले में उनकी पत्नी कर्नल काजल बाली के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। तलाशी के दौरान श्रीगंगानगर (राजस्थान) स्थित उनके आवास से 10 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। कर्नल काजल बाली वर्तमान में डिवीजन ऑर्डनेंस यूनिट , श्रीगंगानगर में कमांडिंग ऑफिसर के पद पर तैनात हैं। इस घूसकांड में बिचौलिया विनोद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों को अदालत ने 23 दिसंबर तक सीबीआई हिरासत में भेज दिया है।
रक्षा सौदों में निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने की साजिश सीबीआई के अनुसार, लेफ्टिनेंट कर्नल शर्मा पर रक्षा उत्पादों के निर्माण और निर्यात से जुड़ी निजी कंपनियों को अवैध लाभ पहुंचाने की साजिश रचने का आरोप है। जांच एजेंसी को बेंगलुरु की एक कंपनी द्वारा संभावित रिश्वत भुगतान की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर 19 दिसंबर को मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया है कि राजीव यादव और रवजीत सिंह नामक दो व्यक्ति उस कंपनी के भारत स्थित मामलों को संभाल रहे थे और लगातार शर्मा के संपर्क में थे।








