सीहोर। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, सीहोर द्वारा दिनांक १४ दिसंबर २०२५ से २१ दिसंबर २०२५ तक राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस सप्ताह का उद्देश्य आमजन एवं विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक करना है, ताकि भविष्य में ऊर्जा संसाधनों का सदुपयोग सुनिश्चित किया जा सके।
इसी क्रम में दिनांक १७ दिसंबर २०२५ को महाप्रबंधक वृत्त कार्यालय, सीहोर में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों से आए कुल ४४ विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से ऊर्जा बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ भविष्य जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों की कला, विषय की समझ एवं प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा ८वीं की साक्षी मालवीय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कक्षा ५वीं के मोहित मालवीय को तथा तृतीय स्थान कक्षा ८वीं की पूनम प्रजापति को प्राप्त हुआ। वहीं सांत्वना पुरस्कार कक्षा ७वीं के अंकुश मालवीय एवं कक्षा ५वीं की नव्या भावसार को प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बच्चों को ऊर्जा संरक्षण का महत्व बताया और भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।








