10 मिनट में चले गए स्टार फुटबॉलर, गुस्साए फैंस ने तोड़ी कुर्सियां और उखाड़ फेंके गोल पोस्ट

Join Us

मेसी के शो में भारी बवाल
कोलकाता (आरएनएस)। अर्जेंटीना के विश्व विजेता कप्तान और फुटबॉल के भगवान कहे जाने वाले लियोनल मेसी के भारत दौरे की शुरुआत कोलकाता में भारी हंगामे और अव्यवस्था के साथ हुई है। यूनाइटेड नेशंस के चाइल्ड ऑर्गेनाइजेशन के ब्रांड एम्बेसडर के तौर पर ‘त्रह्र्रञ्ज इंडिया टूर’ के तहत कोलकाता पहुंचे मेसी का स्वागत तो जोश से हुआ, लेकिन सॉल्ट लेक स्टेडियम का नजारा जल्द ही रणक्षेत्र में बदल गया। सुबह से अपने चहेते सितारे की एक झलक पाने को बेताब फैंस का सब्र उस वक्त टूट गया जब स्टेडियम में अव्यवस्था का माहौल बन गया। गुस्से में आए दर्शकों ने वहां जमकर हंगामा किया। हालात इतने बिगड़ गए कि फैंस ने स्टेडियम की कुर्सियां तोडक़र फेंकनी शुरू कर दीं और पानी की बोतलें मैदान में फेंकी जाने लगीं। इस हंगामे की बड़ी वजह मेसी का मैदान पर बेहद कम समय बिताना बताया जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुरक्षा कारणों और बिगड़ती स्थिति को देखते हुए लियोनल मेसी ने अन्य वीवीआईपी मेहमानों के साथ महज 10 मिनट से भी कम समय में स्टेडियम छोड़ दिया और वहां से चले गए। यह बात उन फैंस को नागवार गुजरी जो 2,000 से लेकर 10,000 रुपये तक के महंगे टिकट खरीदकर घंटों से इंतजार कर रहे थे। मेसी के अचानक चले जाने से निराश फैंस खुद को ठगा हुआ महसूस करने लगे और उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि स्टेडियम में भीड़ प्रबंधन और व्यवस्था के इंतजाम नाकाफी थे, जिसने आग में घी का काम किया। मेसी के जाने के बाद जैसे ही फैंस को पता चला कि कार्यक्रम अब आगे नहीं बढ़ेगा, तो पूरे स्टेडियम में जोरदार हूटिंग शुरू हो गई। आक्रोशित भीड़ ने सुरक्षा घेरे को तोड़ दिया और निचले हिस्से के बैरिकेड्स लांघकर मैदान के भीतर घुस गए।

Previous articleजयराम रमेश का तंज, मैं राजनाथ सिंह को बताना चाहता था कि अगर आप सरकार में टिके रहना चाहते हैं तो गुजराती सीख लें
Next articleरांची एयरपोर्ट पर रनवे से टकराया इंडिगो की फ्लाइट का पिछला हिस्सा, यात्रियों की अटकी जान