टोक्यो (ए)। हाल ही में एक चीनी पर्यटक की हरकत ने जापान में भारी आक्रोश पैदा कर दिया। यह घटना टोक्यो के प्रसिद्ध सेंसोजी मंदिर में घटी, जहां हजारों लोग प्रतिदिन दर्शन के लिए आते हैं। मंदिर में स्थापित दानपात्र में श्रद्धालु अपनी श्रद्धा के अनुसार पैसा डालते हैं! इसके बाद भाग्य बताने वाली ‘ओमिकुजी’ छड़ी निकालते हैं, जिसे जापानी संस्कृति में शुभ-अशुभ का प्रतीक माना जाता है। मंदिर के अंदर मौजूद एक चीनी युवक ने जब दानपात्र में पैसे डालने की बजाय ‘हेल मनी’ डाल दी, तो आसपास मौजूद लोगों ने इसे जापानी परंपरा का अपमान माना। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगी। वीडियो में युवक का साथी उसे यह कहते हुए सुना जा सकता है कि वह धोखा दे रहा है, जबकि वह हंसते हुए इस हरकत को मजाक बताता रहता है। इसके बाद युवक ओमिकुजी की छड़ी चुनता है और कागज निकालने से पहले कहता है कि जापानी शुभ-अशुभ बताने वाली छडिय़ाँ चीनी लोगों को आशीर्वाद नहीं देतीं। आशीर्वाद के लिए चीनियों का अपना तरीका होता है। उसके इस बयान ने विवाद को और बढ़ा दिया। रिपोर्टों के अनुसार, आमतौर पर श्रद्धालु मंदिर के दानपात्र में 100 येन डालते हैं, लेकिन ‘हेल मनी’ वास्तविक मुद्रा नहीं होती।








