03 दिसंबर 2025 विश्व दिव्यांग दिवस पर जिले में हुए विविध कार्यक्रम में 350 दिव्यांग छात्रों ने दिखाया हुनर
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मिला सम्मान और प्रशस्ति पत्र
नर्मदापुरम/ आयुक्त, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार “विश्व दिव्यांग दिवस” 03 दिसंबर 2025 के अवसर पर बुधवार को स्थानीय शासकीय एस.एन.जी. उ.मा. विद्यालय नर्मदापुरम में जिला स्तरीय कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केन्द्र एवं जिला शिक्षा विभाग नर्मदापुरम के संयुक्त तत्वावधान में प्रातः 10 बजे से प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय नर्मदापुरम से श्री अभय सिंह तथा जिला शिक्षा विभाग से श्रीमती ज्योति प्रहलादी द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर विकास नर्मदापुरम श्री हिमांशु जैन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “दिव्यांगता शरीर में नहीं, सोच में होती है। यदि इसे मन से बाहर निकाल दिया जाए तो समाज में महत्वपूर्ण और सशक्त दृष्टिकोण विकसित होता है, जो व्यक्ति को अपनी दिव्यांगता पर विजय दिलाने में सक्षम बनाता है।”
कार्यक्रम में दिव्यांग छात्र-छात्राओं की रही शानदार सहभागिता
विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में दिव्यांग बच्चों के उत्साहवर्धन हेतु सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामर्थ्य प्रदर्शन, खेलकूद, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। 06 से 14 वर्ष तथा 14 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 350 दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। सामाजिक न्याय विभाग के अधीन संचालित अशासकीय संस्थाएं — भविष्य बौद्धिक दिव्यांग विद्यालय, संकल्प मूकबधिर विशेष विद्यालय/छात्रावास, डॉ. ऐनीविसेंट बौद्धिक दिव्यांग विद्यालय/छात्रावास — तथा जिला शिक्षा केन्द्र के अधीन शासकीय सी.डब्ल्यू.सी.एस.एन. छात्रावास आईटीआई, एसपीएम, पवारखेड़ा सहित अन्य संस्थाओं ने सक्रिय सहभागिता दर्ज की। राज्य शिक्षा केन्द्र के नियंत्रक (IEDSS) श्री आर.एस. तिवारी ने विविध प्रतियोगिताओं का निरीक्षण कर प्रतिभागियों की प्रतिभा की सराहना की।
विजेताओं को किये गये पुरस्कार वितरित
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री हिमांशु जैन, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेन्द्र यादव एवं श्री आशीष चटर्जी द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दिव्यांग छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं की उपस्थिति
इस अवसर पर सामाजिक न्याय विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक, खेल एवं युवक कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग, रोजगार विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा मान्यता प्राप्त संस्थाओं के संचालक उपस्थित रहे।
नशामुक्ति की शपथ के साथ कार्यक्रम का समापन
अंत में नशामुक्त अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों द्वारा सभी दिव्यांग छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन किया गया।






