उत्तर भारत में अगले सप्ताह से पड़ेगी कड़ाके के ठंड, दक्षिण में चक्रवात दित्वाह का खतरा

Join Us

नईदिल्ली, (आरएनएस)। पहाड़ी इलाकों की बर्फबारी के कारण आ रही सर्द हवाओं से उत्तर भारत में सर्दी ने जोर पकड़ा हुआ है। कई इलाकों में कोहरा देखा जा रहा है। दूसरी तरफ श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद चक्रवात दित्वाह का खतरा अब दक्षिण भारतीय राज्यों पर मंडरा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रविवार को चक्रवात तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटों से टकराएगा। इसके चलते कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवात दित्वाह के असर से तमिलनाडु और पुडुचेरी में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे कई इलाकों में बाढ़ के हालात बन गए हैं। समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। इसके असर से तमिलनाडु में शनिवार को 54 उड़ानें रद्द कर दी गईं और पुडुचेरी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ने छुट्टी घोषित कर सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी।
हिमाचल प्रदेश में बिलासपुर-मंडी में घने कोहरे की चेतावनी दी है। यहां मनाली में रविवार सुबह तापमान लगभग माइनस 10 डिग्री दर्ज किया गया। निचले इलाकों में तापमान 4-8 डिग्री के बीच बना रहेगा। जम्मू में सुबह का तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं श्रीनगर में शनिवार रात पारा लगभग माइनस 1 डिग्री पर पहुंच गया। 2 दिसम्बर को श्रीनगर में बर्फ गिरने की चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड में भी सुबह का तापमान 3-7 डिग्री के आसपास रहा। पहाड़ों में गिरते तापमान के कारण उत्तर प्रदेश में रविवार को सुबह धुंध नजर आ रही है और दिन में हल्की धूप खिली रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान लगभग 24 डिग्री और न्यूनतम 14-12 डिग्री के बीच रह सकता है। बिहार में भी कोहरे के साथ रात में सर्दी बढऩे की संभावना है, जबकि मध्य प्रदेश में सुबह तापमान 12 डिग्री के आस-पास रहने से ठंड महसूस की गई। राजस्थान में 1 दिसंबर से शीतलहर चलने के आसार हैं।
दिल्ली एनसीआर में रविवार सुबह का तापमान 8 डिग्री के आस-पास दर्ज किया गया, जिसके साथ गलन और ठिठुरन महसूस हुई। शाम को भी ऐसे ही हालात रह सकते हैं, जबकि दिन में धूप निकलने से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में पारा सामान्य से 3-4 डिग्री नीचे जाने का अनुमान जताया है। राजधानी की हवा रविवार को खराब श्रेणी में बनी हुई है। कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 240 से ऊपर दर्ज किया गया।

Previous articleशाहदरा में नहीं रुक रहा हत्याओं का सिलसिला 24 घंटे में दूसरी हत्या, नाबालिग की गई जान
Next article10 साल पहले के मुकाबले भारत का अनाज उत्पादन 100 मिलियन टन बढ़ गया है : पीएम मोदी