बांग्लादेश के ढाका में 5.5 तीव्रता का भूकंप, कोलकाता समेत पूर्वोत्तर भारत में लगे झटके

Join Us

नईदिल्ली, (आरएनएस)। बांग्लादेश की राजधानी ढाका में शुक्रवार सुबह लोगों को भूकंप के जोरदार झटके लगे हैं। रिएक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 5.5 मापी गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र ढाका से लगभग 50 किलोमीटर दूर नरसिंगडी में बताया जा रहा है और इसकी गहराई 10 किलोमीटर थी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसकी तीव्रता 5.7 बताई है। भूकंप के झटके पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में महसूस किए गए हैं।
कोलकाता में सुबह करीब 10:10 बजे कुछ सेकंड के लिए भूकंप के झटके महसूस हुए थे, जिसके बाद लोगों ने हिलते हुए झूमर और पंखों की वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दी। झटके कूचबिहार, दक्षिण और उत्तर दिनाजपुर समेत राज्य के कई अन्य हिस्सों में भी महसूस किए गए हैं। गुवाहाटी, अगरतला और शिलांग जैसे शहरों में भी भूकंप महसूस होने की सूचना दी है। भूकंप के कारण ढाका में बांग्लादेश-आयरलैंड टेस्ट मैच भी कुछ देर बाधित रहा। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, शुक्रवार को बांग्लादेश के अलावा भारत और उसके आसपास के पड़ोसी देशों में 6 भूकंप आए हैं। हिमाचल प्रदेश के चंबा में रात साढ़े 12 बजे 2.4 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद अफगानिस्तान में रात 2 बजे 4.2, हिंद महासागर में रात ढाई बजे 4.3 और तजाकिस्तान में सुबह 5 बजे 4.1 तीव्रता का भूकंप आया। पाकिस्तान में 135 किलोमीटर की गहराई में 5.2 तीव्रता का भूकंप तडक़े 3 बजे आया था।
००

 

Previous articleदिल्ली कार धमाका: महिला डॉक्टर शाहीन को मिली थी आंतकी डॉक्टरों की टीम बनाने की जिम्मेदारी
Next articleदिल्ली में अमोनियम नाइट्रेट की खरीद पर एलजी ने नजर रखने के दिए आदेश