ठंड बढ़ते ही रजाई गद्दे और गर्म कपड़ों की मांग बढ़ी

Join Us

नर्मदापुरम। डोलरिया। ठंड के मौसम में रजाई तैयार करने वालों का धंधा चल पड़ा है। इस बार ज्यादा बारिश होने के कारण लोगों को यह एहसास हो रहा है कि इस बार ठंड भी तेज रहेगी। इस कारण सभी रूई का व्यवसाय करने वालों के यहां पर रजाई गद्दा तैयार कराने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। रूई का कारोबार करने वाले गफूर खां ने बताया कि उनके पास लगातार आर्डर आ रहे हैं। उनके पास एक माह तक रूई की रजाई तैयार करने का आर्डर आ चुका है।

इन दिनों ठंड का असर तेज होते ही गर्म कपड़ों के साथ रजाई गद्दों की मांग भी तेजी से बढ़ने लगी है। जिला मुख्यालय में नवंबर माह के अंतिम सप्ताह से ही ठंड का असर तेज हो गया था। लेकिन इस बीच कुछ ठंडा कुछ गरम मौसम बने रहने से गर्म कपडों की तरफ रूझान कम हेाने लगा था। अब फिर दिसंबर के प्रथम सप्ताह से पूर्व ही ठंड के बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों की मांग बढ़ने लगी है। नगर की प्रमुख कपड़ा दुकानों के साथ स्वेटर, जैकेट, व अन्य ऊनी वस्त्रों की मांग होने लगी है। अधिकांश दुकानों में लोगों को गर्म कपड़े खरीदते देखा जा सकता हैं। अभी सुबह और शाम के समय सर्द हवाओं से ठिठुरन बढती जा रही है। वातावरण में ठंड बढ़ने के साथ गर्म कपड़ों का बाजार चल पड़ा है। प्रतिदिन दुकानों में गर्म कपड़ों की अच्छी खासी बिक्री हो रही है।

गर्म कपड़ों के विक्रेताओं से चर्चा करने पर यह बात सामने आ रही है कि इस साल मौसम के मिजाज को देखते हुए ऊनी कपड़ों का स्टॉक मंगाया गया है। ट्रांसपोर्टिंग की लागत बढ़ने के कारण गर्म कपड़ों की कीमतों में 10 से 20 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। समय के हिसाब से युवाओं के बीच स्वेटर की मांग कम हुई है। वहीं इसकी जगह जैकेट की मांग ज्यादा है। जींस के जैकेट 400 से 700 रुपये, लेदर जैकेट 500 से तीन हजार, महिलाओं और युवतियों के स्वेटर 400 से 1000 रुपये की रेंज में उपलब्ध है।

ठंड के मौसम में बाहर से आकर दुकान लगाने वाले फेरी वाले बड़ी तादाद में गर्म कपड़ों की बिक्री करने के लिए आ चुके हैं। हर साल दुकानों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। इस साल नगर के अलग अलग स्थानों में लगभग 15 दुकानें लगी हुई हैं। इसके चलते नगर के दुकानदारों के यहां गर्म कपड़ों की पूछपरख कम हो गई है। एक अनुमान के मुताबिक नगर में सीजन में गर्म कपड़ों का एक करोड़ से अधिक का व्यवसाय होता है।

सेल में दिखावा अधिक रेट में कोई कमी नहीं

अधिकांश लोग कपड़े देखकर हो रहे वापस

एक निजी गार्डन में लोक लुभावने आफर दिखाकर गर्म कपड़े बेचने के लिए सेल लगाई गई है। जहां पर कम रेट का आफर दिखाया गया है लेकिन अंदर जाने के बाद लेागों को समझ आ रहा है कि कोई छूट नहीं है सिर्फ दिखावा है। इसलिए अधिकांश लोग देखकर ही वापस हो रहे हैं।

Previous articleधूल और धुएं से हो रही परेशानी
Next articleसंस्कृति ज्ञान परीक्षा आयोजित