314 विद्यार्थियों में से 167 का किया गया प्राथमिक चयन
नर्मदापुरम। पिपरिया। केंद्र एवं प्रदेश शासन की योजनाओं के तहत हर माह लगने वाले रोजगार मेला व युवा संगम के तहत गुरूवार को कलेक्टर नर्मदापुरम सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार शहीद भगत सिंह शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पिपरिया में जिला प्रशासन और जिला रोजगार कार्यालय नर्मदापुरम के सहयोग से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। महाविद्यालय प्राचार्य ने अतिथियों का स्वागत किया और अपना उद्बोधन दिया।
मेले में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पिपरिया ठाकुरदास नागवंशी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीना नवनीत नागपाल, श्रीमती ममता नागवंशी, देवेश, श्रीमती कंचन श्रीवास्तव और श्रीमती सावी उपस्थित रहे। मेले में 22 कंपनियों तथा कई सरकारी विभागों ने इस मंच पर अपना स्टॉल लगाया।
विधायक श्री नागवंशी ने कहा कि हर काम समान है और युवाओं को जो भी कार्य मिले उससे जीवन की शुरुआत करने का आह्वान किया। उन्होंने मध्य प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन तथा अन्य योजनाओं के तहत 10 हितग्राहियों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नागपाल ने युवाओं को देश का भविष्य बताया और उन्हें प्रेरित किया कि वे अपने करियर की शुरुआत मिलने वाले अवसरों से करें।
मेले में कुल 314 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 167 का प्राथमिक चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को अगले चरण के साक्षात्कार के लिए कंपनियों द्वारा बुलाया जाएगा। मेले में जिला रोजगार अधिकारी श्याम कुमार धुर्वे ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी और विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। प्लेसमेंट अधिकारी धर्मेश तिवारी के कुशल नेतृत्व में समस्त व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से सम्पन्न हुईं।
संचालन करियर प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ अनिता सेन ने किया। इस अवसर पर डॉ मेहरा प्रो बघे प्रो किटी मौर्य कृष्णा खाडे डॉ अरुण मोहता राज राठी तथा महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे।






