कृषि उपज मंडी में बीते वर्ष से ज्यादा हो रही धान की आवक

Join Us

व्यापारियों की संख्या बढ़ने से मिल रहे ज्यादा दाम

इस सीजन में अब तक हो चुकी है 12,859 क्विंटल धान की खरीदी

महानगरों में बढ़ रही है नर्मदांचल की बासमती की मांग

1 दिसंबर से 20 जनवरी तक होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी

बलराम शर्मा

नर्मदापुरम। खाद्यान्य की पैदावार में अपनी एक अलग पहचान बनाने वाले कृषि प्रधान नर्मदापुरम जिले की मुख्यालय की कृषि उपज मंडी में धान की आवक अच्छी हो रही है। गुरूवार को धान की बंपर आवक रही। क्षेत्र के किसान तेज ठंड और बोनी का समय होने के बाद भी अपनी खरीफ की मुख्य उपज धान को जल्दी बेचने के लिए आतुर हो रहे हैं। धान की आवक ज्यादा हो जाने के बाद भी धान के रेट बढ़े हुए है। 1718 किस्म की धान के दाम 3030 रूपये प्रति क्विंटल तक मिले हैं। मंडी सचिव आरएन इवने के प्रयास से इस बार मंडी में व्यापारी की संख्या भी बढ़ी है। इससे भी किसानों को बेहतर दाम मिलने से धान की आवक बढ़ी है। बीते वर्ष पूरे नवंबर माह में 9729 क्विंटल घान की आवक हुई थी। जबकि अभी नवंबर के 12 दिन ही हुए हैं जिसमें अवकाश के दिन भी शामिल हैं। इसके बाद भी अभी तक रिकार्ड आवक 12 हजार 859 क्विंटल धान की आवक हो चुकी है। पूरे नवंबर में धान की तेज आवक होना है।

किसानों को अभी धान बेचने की जल्दी इस लिए पड़ी हुई है क्योंकि हर किसानों को हाल ही में बोनी करना है। जिसमें खाद बीज सहित अन्य खर्च आने वाला है। धान की आवक ज्यादा आने की जानकारी मिलने पर व्यापारी भी समय पर पहुंच रहे हैं। व्यापारियों ने समय से बोली लगानी शुरू कर दी है। बोली लगाने के निर्धारित समय से अधिक समय तक बोली लगती रही है। गुरूवार को करीब 80 ट्राली धान की आवक हुई। सुबह से ही ट्राली आने लगी हैं। शुक्रवार को भी बड़ी संख्या में धान की आवक होने की संभावना बन गई है। व्यापारी अजय खन्ना ने बताया कि ऊपरी क्षेत्र में बासमती की डिमांड है। इस कारण इसी की खरीदी ज्यादा हो रही है। बांकी अन्य किस्म की आवक भी हो रही है।

बढ़ रही है चावल की मांग

देश के महानगरों में नर्मदांचल के चावल की मांग बढ़ रही है। इसी के चलते मुख्यालय की कृषि उपज मंडी में व्यापारियों ने भी धान खरीदने में तेजी दिखाना शुरू कर दी है। शुक्रवार को धान की आवक के साथ ही दाम भी तेज रहने की संभावना है।

इनका कहना है-

मंडी में धान की अावक तेज हो गई है। बीते वर्ष पूरे नवंबर माह में 9729 क्विंटल धान की खरीदी हुई थी। वर्तमान में 12 नवंबर तक 12 हजार 859 क्चिंटल धान खरीदी जा चुकी है। गुरूवार को ही करीब 80 ट्राली धान आई। व्यापारियों की संख्या भी बढ़ गई है। इटारसी के व्यापारी भी यहां बोली लगा रहे है। गुरूवार को अधिकतम दाम 3030 रूपये प्रति क्विंटल तक रहा है।

रामनाथ इवने, सचिव कृषि उपज मंडी नर्मदापुरम

समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी 1 दिसंबर से

32 हजार 400 किसानों से होगी खरीदी

जिले के 32 हजार 400 किसानों ने समर्थन मूल्य पर मोटी धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। खरीदी केंद्रों का निर्धारण किया जा रहा है। अभी तक 8 केद्र तय हो चुके हैं। 64 केंद्रों पर खरीदी होगी। बांकी के केंद्रों के लिए प्रक्रिया चल रही है। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 1 दिसंबर से शुरू होगी। 20 जनवरी तक जारी रहेगी।

रश्मि साहू, जिला आपूर्ति अधिकारी नर्मदापुरम

महानगरों में बढ़ रही डिमांड

धान की डिमांड महानगरों में बढ़ रही है। नर्मदापुरम व इटारसी मंडी में आज धान की आवक तेज होने लगी है। करीब 80-90 ट्राली धान आई रही है। दाम भी बढ़े हैं। इस कारण धान की खरीदी तेज हो गई है। किसान धान निकाल चुके हेैं। अब प्रतिदिन धान की आवक बढ़ने की संभावना है।

अजय खन्ना, अनाज व्यापारी

Previous articleदुनिया पर पकड़ मजबूत करने का अमेरिकी प्लान, इन 4 जगहों पर मिलिट्री बेस बनाना चाहता है अमेरिका
Next articleद चैम्प्स फन स्कूल के बाल दिवस के दो दिवसीय कार्यक्रम में