आखिरकार खत्म हुआ अमेरिकी इतिहास का सबसे लंबा चलने वाला शटडाउन, सदन से पारित बिल पर ट्रंप ने किए हस्ताक्षर

Join Us

न्यूयॉर्क ,13 नवंबर। अमेरिका के इतिहास में सबसे लंबे समय तक चला सरकारी शटडाउन आखिरकार समाप्त हो गया है। बुधवार को अमेरिकी कांग्रेस ने शटडाउन खत्म करने से संबंधित विधेयक को मंजूरी दी, जिस पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हस्ताक्षर कर दिए। इसके साथ ही 43 दिनों से जारी सरकारी ठप स्थिति समाप्त हो गई। इस समझौते के तहत पिछले 43 दिनों में जिन संघीय कर्मचारियों की नौकरियां चली गई थीं, उन्हें फिर से बहाल किया जाएगा।
प्रतिनिधि सभा में सत्तारूढ़ रिपब्लिकन पार्टी ने 222-209 मतों से यह विधेयक पारित कराया। सीनेट पहले ही इसे मंजूरी दे चुकी थी और राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद यह कानून बन गया। ट्रंप ने इसे अपनी सरकार के लिए बड़ी जीत बताया।
दरअसल, शटडाउन की वजह डेमोक्रेटिक पार्टी की वह मांग थी जिसमें वह किफायती देखभाल कानून के तहत स्वास्थ्य बीमा टैक्स क्रेडिट को बढ़ाने की बात कर रही थी। यह टैक्स क्रेडिट इस साल के अंत तक समाप्त होनी थी। अगर इसे नहीं बढ़ाया जाता, तो स्वास्थ्य बीमा की लागत आम नागरिकों के लिए बढ़ जाती। रिपब्लिकन पार्टी इस मांग पर तैयार नहीं हुई और आखिरकार डेमोक्रेट्स को समझौते पर सहमत होना पड़ा।
दोनों पार्टियों के बीच हुए समझौते के अनुसार, अब 31 जनवरी 2026 तक सरकारी कामकाज बिना किसी रोक-टोक के जारी रहेगा। इस समझौते में तीन वार्षिक व्यय विधेयकों को वित्तपोषित किया गया है। रिपब्लिकन पार्टी ने स्वास्थ्य सेवा सब्सिडी बढ़ाने के मुद्दे पर दिसंबर के मध्य तक मतदान कराने का आश्वासन दिया है, हालांकि इसकी सफलता की कोई गारंटी नहीं दी गई है।
विधेयक में यह भी प्रावधान है कि शटडाउन के दौरान नौकरी से निकाले गए संघीय कर्मचारियों को पुन: नियुक्त किया जाएगा और उन्हें बकाया वेतन भी दिया जाएगा। साथ ही, यह समझौता जनवरी तक किसी नई छंटनी को रोकने की गारंटी देता है, जिससे सरकारी कर्मचारियों को अस्थायी राहत मिली है।

Previous articleट्रंप के एच-1बी वीजा कार्यक्रम का बचाव करने के बाद व्हाइट हाउस ने दिया स्पष्टीकरण
Next articleआतंकी हमले की जांच करने में भारत सक्षम, हमारी मदद की जरूरत नहीं’ अमेरिका का बड़ा बयान