बीजिंग(ए)। बनते ही पुल गिरना लगभग हर एक देश की समस्या बन गई है। चीन में ढाई महिने पहले करोड़ों की लागत से बने एक पुल का उद्घाटन हुआ और अब वो भरभराकर गिर गया। ये पुल चीन के दक्षिण-पश्चिमी प्रांत सिचुआन में तैयार किया गया था। गनीमत ये रही कि इस हादसे में कोई घायल या मृत नहीं हुआ, लेकिन इस घटना ने चीन की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह पुल चीन की इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षमता का प्रतीक बताया जा रहा था, लेकिन ये जिस तरह तबाह हुआ है, उसका गिरना सरकार के लिए बड़ी शर्मिंदगी का कारण बन गया है। यहां पर एक भारी-भरकम पुल ताश के पत्ते की तरह भरभराकर गिरता हुआ दिख रहा है। ये पुल करोडों की लागत से बना और इसका उद्घाटन हाल ही में बड़े धूमधाम से किया गया था। ये तिब्बत को चीन के मध्य हिस्से से जोडऩे वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर बना पुल था, जिसका एक हिस्सा भरभराकर ढह गया। अधिकारियों ने एक दिन पहले पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया था क्योंकि आसपास की ढलानों और सडक़ों में दरारें और जमीन की हलचल के संकेत मिले थे। पता चलता है कि पुल का टूटना भूवैज्ञानिक अस्थिरता और पुल के आसपास की खड़ी पहाड़ी ढलानों पर कई भूस्खलन के कारण हुआ। होंगची पुल का निर्माण सिचुआन रोड एंड ब्रिज ग्रुप द्वारा किया गया था और इसे इस साल की शुरुआत में पूरा किया गया था। इसे सिचुआन प्रांत को तिब्बत से जोडऩे वाले चीन के बुनियादी ढांचे नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण कड़ी माना जाता था। पुल का उद्घाटन इसी साल 28 सितंबर को हुआ था और ये 758 मीटर लंबा था, जिसका एक हिस्सा ढह गया है।
ताश के पत्ते की तरह ढेर हुआ पुल
दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत से आए नाटकीय वीडियो सामने आया है जिसमें हाल ही में खोला गया होंगची पुल टूटते हुए दिखाया गया है। पुल का एक बड़ा हिस्सा नदी में गिर गया। यह पुल चीन के हृदय स्थल को तिब्बत से जोडऩे वाले एक प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग का हिस्सा था। मंगलवार दोपहर को इस क्षेत्र में कई भूस्खलन के बाद पुल टूट गया। यह घटना मर्कांग शहर में शुआंगजियांगको हाइड्रोपावर स्टेशन के पास हुई। चीनी सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित वीडियो में पहाड़ी के टूटने की शुरुआत दिखाई गई, जिससे धूल और मलबे के मोटे बादल निकलने लगे। कुछ ही पलों में पुल के नीचे की जमीन खिसक गई, जिससे इसके सहारा देने वाले स्तंभ झुक गए और पुल का हिस्सा नदी में गिर गया।








