दूसरे चरण में एनडीए-महागठबंधन का सियासी संग्राम, दिग्गजों की साख दांव पर

Join Us

पटना (ए.)। बिहार चुनाव 2025 के दूसरे चरण के लिए रविवार को प्रचार समाप्त होने के बाद, सभी की निगाहें मंगलवार पर टिकी हैं, जब 20 जिलों के 122 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। लगभग 3.7 करोड़ मतदाता, जिनमें लगभग 1.95 करोड़ पुरुष और 1.74 करोड़ महिलाएं हैं, मतदान के पात्र हैं। दूसरे चरण में 136 महिलाओं सहित 1,302 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। भारत निर्वाचन आयोग ने 45,399 मतदान केंद्र बनाए हैं और हजारों सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है। इसने पूरे राज्य में सीआरपीएफ, बीएसएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी सहित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 500 से अधिक कंपनियों को तैनात किया है। दूसरे चरण में जिन जिलों में मतदान होना है, उनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं, ये सभी नेपाल की सीमा से सटे हुए जिले हैं। अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के मद्देनजऱ पूरे राज्य में सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम किए गए हैं और चार लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी चुनाव ड्यूटी में तैनात किए गए हैं। अधिकतर जिले सीमांचल क्षेत्र में आते हैं, जहां मुस्लिम आबादी का घनत्व अधिक है। ऐसे में यह चरण सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। एक ओर महागठबंधन अल्पसंख्यक समुदाय के समर्थन पर भरोसा कर रहा है, वहीं राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विपक्ष पर घुसपैठियों की रक्षा का आरोप लगा रहा है। प्रमुख उम्मीदवारों में जनता दल (यू) के वरिष्ठ नेता और राज्य मंत्रिमंडल के सबसे वरिष्ठ सदस्य बिजेंद्र प्रसाद यादव शामिल हैं, जो सुपौल सीट से लगातार आठवीं बार जीत दर्ज करने का प्रयास कर रहे हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्य सरकार के मंत्री प्रेम कुमार भी गया टाउन सीट से लगातार आठवीं बार चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने 1990 से लगातार सात बार इस सीट पर जीत हासिल की है। इसके अलावा भाजपा की रेनू देवी (बेतिया), नीरेज कुमार सिंह ‘बबलू’ (छातापुर) और जद (यू) की लेशी सिंह (धमदहा), शीला मंडल (फुलपरास) तथा जामा खान (चैनपुर) की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। भाजपा के एक अन्य प्रमुख नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद कटिहार सीट से लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज करने की कोशिश कर रहे हैं। कटिहार जिले की बलरामपुर और कदवा सीटों से क्रमश: भाकपा (माले) लिबरेशन के महबूब आलम और कांग्रेस के शकील अहमद खान लगातार तीसरी जीत के प्रयास में हैं। दूसरे चरण का चुनाव राजग के दो सहयोगी दलों—हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो)—की ताकत की भी परीक्षा माना जा रहा है। दोनों दलों को छह-छह सीटें मिली हैं।
‘हम’ की सभी छह सीटों पर इसी चरण में मतदान होना है। इनमें इमामगंज, बाराचट्टी, टेकारी और सिकंदरा सीटें पार्टी के पास हैं और मौजूदा विधायक फिर से मैदान में हैं।

Previous articleलंदन से हैदराबाद जा रहे ब्रिटिश एयरवेज के विमान में बम की खबर से सनसनी,सुरक्षा अलर्ट जारी
Next articleबड़ी आतंकी साजिश नाकाम : फरीदाबाद में डॉक्टर के घर से 300 किलो आरडीएक्स और 2 एके-47 बरामद, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की कार्रवाई