भोपाल (निप्र)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान जबरदस्त जनसभाएं कीं। उन्होंने कई विधानसभाओं में जनता से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सीएम डॉ. यादव ने बांका जिले की बेलहर विधानसभा में मनोज यादव, मोतिहारी जिले की पिपरा विधानसभा में श्यामबाबू यादव और गया जिले की बोधगया विधानसभा में श्यामदेव पासवान के लिए जनता से समर्थन मांगा। इन सभाओं में वे जनता को यह बात मनाने में सफल रहे कि केवल एनडीए ही उनके सपनों को साकार कर सकती है। उन्होंने कहा कि यह धर्म-अधर्म के बीच की लड़ाई है। कांग्रेस के पप्पू को बिल्कुल समझ नहीं है। राहुल गांधी को पता है कि चुनाव बिहार में है, लेकिन वो मध्यप्रदेश के पचमढ़ी में छुट्टियां मना रहे हैं। बिहार चुनाव में कांग्रेस की हालत बिन दूल्हे के बारात की है। कांग्रेस मानसिक रूप से बिहार का चुनाव हार चुकी है।
बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनसभाओं में भीड़ उमड़ पड़ी। जहां तक नजर जाती थी, वहां तक लोग ही लोग नजर आ रहे थे। इस दौरान कई लोग हाथों में पोस्टर लिए एनडीए की जीत का दावा भी कर रहे थे। बेलहर विधानसभा में मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि चुनाव के बीच यहां आकर ऐसा लगा जैसे मैं अपने घर आ गया। आपके प्रेम ने आनंदित कर दिया। आपका उत्साह चरम छू रहा है। हमारे प्रत्याशियों ने यहां जबरदस्त काम किया है। ये एक बार फिर आपके आशीर्वाद से जीतने जा रहे हैं। एनडीए में दो भाइयों की जोड़ी है। डबल इंजन की सरकार है। ये जोड़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की है। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण जहां होते हैं वहां कौरवों की विशाल सेना के बीच भी जीत पांच पांडवों की होती है। हमारे भी नेता नीतीश कुमार, चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी जीत की ओर अग्रसर हैं। जनता का चुनावी तीर निशाने पर ही लगने वाला है।







