(SIR) के तहत प्रोजिनि – डाटा मैपिंग तथा फॉर्म वितरण स्थिति का लिए जायजा
अधिकारियों को दिये निर्देश – सभी राजस्व प्रकरण ऑनलाइन ही प्रात किए जाएं एवं राजस्व मामले अनावश्यक लंबित न रखा जाए
नर्मदापुरम/ कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय (राजस्व) सिवनी मालवा का निरीक्षण कर मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (SIR), राजस्व प्रकरणों, नजूल, आरसीएमएस आदि की समीक्षा की।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित बीएलओ से प्रक्रिया की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बीएलओ एप के माध्यम से स्वयं मैपिंग के कार्य में प्रोजिनी डाटा को अद्यतन किए जाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया। कलेक्टर ने एसडीएम को निर्देश दिए की मैपिंग करते समय यह बात सुनिश्चित की जाए की कोई भी पात्र मतदाता की जानकारी अद्यतन करते समय किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने निर्देश दिए की SIR प्रक्रिया के तहत मतदाता प्रपत्र भरने हेतु मतदाताओं को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाए। इस हेतु बीएलओ के अतिरिक्त, सचिव, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, जीआरएस आदि की भी सहायता ली जाए। इस दौरान कलेक्टर ने मतदाता प्रपत्र के वितरण की जानकारी भी ली। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए की (SIR) के तहत समस्त प्रक्रियाओं के क्रियान्वयन में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन किया जाना सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उन्होंने सिवनी मालवा नगर एवं ग्राम झाड़ बीड़ा की मतदाता सूची तथा (SIR) के तहत की गई मैपिंग की प्रगति की भी समीक्षा की।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर सिवनी मालवा तहसील में स्वामित्व योजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने योजना के तहत कार्य में विलंब होने पर नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने कहा कि योजना के तहत किसी भी स्तर पर यदि कोई असमंजस की स्थिति बनती है तो एसओआई से मार्गदर्शन प्राप्त ओर कार्य की गति बढ़ाए। उन्होंने जीटी के लंबित प्रकरणों एवं त्रुटि पूर्ण नक्शा अपडेट किए जाने पर सख्त नाराजगी व्यक्त की एवं निर्देश दिए कि उक्त संबंध में संबंधित पटवारी तथा अधिकारी की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने कहा कि नामांतरण, बंटवारा सहित सभी राजस्व मामले ज्यादा अधिक समय तक लंबित रहे यह बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान उन्होंने स्वयं कंप्यूटर पर आरसीएमएस पोर्टल तथा रीडर आईडी का परीक्षण किया। कलेक्टर ने सख्त निर्देश दिए की किसी भी स्थिति में कोई भी प्रकरण ऑफलाइन न रखा जाए। साथ ही रीडर आईडी तथा अधिकारी आईडी पर कोई भी मामले पेंडिंग न रखे जाएं। कलेक्टर ने कहा कि रीडर आईडी तथा अधिकारी आईडी पर कोई भी मामला लंबित पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी। इसी प्रकार उन्होंने यह भी कहा कि ऑफलाइन प्राप्त किए गए प्रकरण में भी संबधित की जवाबदेही तय कर नियमनुसार कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर सोनिया मीना ने पूर्व में निराकृत और प्रक्रियाधीन प्रकरणों की फाइलें निकलवाकर उनका परीक्षण भी किया। साथ ही कलेक्टर के नजूल मामलो का परीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया। कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसडीएम एवं तहसीलदार को निर्देश दिए कि कार्यालय में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अनुपयोगी स्थान की साफ सफाई कर उन्हें उपयोगी बनाएं तथा अभिलेख एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों को रखना की व्यवस्था भी सुगम बनाएं।






