चार चरणों में आयोजित की जाएंगी विभिन्न गतिविधियां
7 से 14 नवम्बर 2025 तक आयोजित किया जाएगा प्रथम चरण
नर्मदापुरम/ देशभर में राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ का उत्सव 7 नवम्बर 2025 से 7 नवम्बर 2026 तक वर्षभर समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में इस गीत की ऐतिहासिक भूमिका तथा इसकी स्थायी सांस्कृतिक विरासत के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना है।
वर्षभर आयोजित होने वाले कार्यक्रम चार चरणों में सम्पन्न किए जाएंगे जिसमें प्रथम चरण (7 से 14 नवम्बर 2025)** – शुभारंभ सप्ताह, द्वितीय चरण (19 से 26 जनवरी 2026)गणतंत्र दिवस विशेष आयोजन। तृतीय चरण (7 से 15 अगस्त 2026) – हर घर तिरंगा अभियान के साथ आयोजन। चतुर्थ चरण (1 से 7 नवम्बर 2026) – समापन सप्ताह
इन आयोजनों में आम नागरिकों के साथ-साथ विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मी, डॉक्टर्स, शिक्षक, व्यवसायी वर्ग एवं सभी सामाजिक संगठन सक्रिय रूप से सहभागिता करेंगे। शासन के निर्देशानुसार 7 नवम्बर 2025 को प्रातः 9:30 बजे जिला मुख्यालय तथा समस्त तहसील/विकासखंड मुख्यालयों में “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन किया जाएगा। तत्पश्चात प्रातः 10:00 बजे नई दिल्ली से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। साथ ही
शासकीय अशासकीय, अर्द्ध-शासकीय विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालयों में भी 07 नवम्बर को उपरोक्तानुसार कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” गायन को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए पुलिस बैंड, स्कूल. महाविद्यालय, विश्वविद्यालयों के बैंड एवं स्थानीय बंद आदि की भी सहभागिता होगी। उक्त कार्यक्रम के दौरान 08 नवम्बर को प्रातः 10:00 बजे पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जिला पंचायत, जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायतों में वंदे मातरम् गीत का गायन जनसहभागिता से पंचायत प्रतिनिधियों सहित किया जाएगा। इसी प्रकार आगामी 10 नवम्बर को प्रातः 10:00 बजे नगरीय विकास एवं आवास विभाग के द्वारा सभी नगरीय निकायों में वंदे मातरम् गीत का गायन किया जायेगा
यह आयोजन भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अमर प्रतीक वंदे मातरम् को जनमानस में जागृत करने का एक राष्ट्रीय पर्व होगा, जो देशभक्ति और एकता के भाव को और सशक्त करेगा।






