सीहोर। भोजपुरी समाज का प्रसिद्ध छठ पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व जिला पंचायत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने भी आयोजन स्थल पर पहुंचकर भोजपुरी समुदाय के लोगों को छठ पर्व की हार्दिक बधाई शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा एवं जिला पंचायत की सीईओ सर्जना यादव भी मौजूद रहीं। इस दौरान श्री अरोरा ने कहा कि भोजपुरी समाज का छठ पर्व बेहद कठिन पर्वों में से एक है। यह पर्व भोजपुरी समाज के महिला और पुरुष दोनों श्रद्धा और विश्वास के साथ मनाते हैं। छठ पर्व चार दिनों तक मनाया जाता है। महिलाएं 24 घंटे तक निराहार रहकर परिवार की खुशी के लिए पूजा पाठ करती हैं। इस दिन डूबते सूर्य देव को जल, दूध और फूलों से अर्घ्य दिया जाता है। महिला हो या पुरुष छठ व्रती दोनों पानी में खड़े होकर सूर्य देव की आराधना करते हैं। सीहोर नगर में भी भोजपुरी समाज के लोग इस पर्व को पूरी आस्था और विश्वास के साथ मनाते हैं। इस दौरान भोजपुरी समाज द्वारा श्री अरोरा का स्वागत सम्मान भी किया गया।








