लॉरेंस बिश्नोई गैंग को बड़ा झटका, सीबीआई ने अमेरिका से दबोचा भगोड़ा गैंगस्टर; हरियाणा में था वॉन्टेड

Join Us

नई दिल्ली  (आरएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो  को भगोड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीबीआई की एक टीम कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े भगोड़े गैंगस्टर लखविंदर कुमार को शनिवार (25 अक्टूबर) को अमेरिका से गिरफ्तार कर भारत वापस ले आई है।
सीबीआई के अधिकारियों ने बताया कि विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय के सक्रिय समन्वय से वांटेड भगोड़े लखविंदर कुमार को अमेरिका से भारत वापस लाने में मदद मिली। जैसे ही आरोपी लखविंदर दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचा, हरियाणा पुलिस की एक टीम ने उसे हिरासत में ले लिया।
सीबीआई के प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर बताया कि लखविंदर के खिलाफ इंटरपोल की तरफ से ‘रेड नोटिस’ जारी किया गया था। वह हरियाणा में कई संगीन आपराधिक मामलों में वॉन्टेड था, जिनमें जबरन वसूली, धमकी देना, अवैध हथियार रखना और उनका इस्तेमाल करना, तथा हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
बयान में कहा गया है, सीबीआई ने हरियाणा पुलिस के अनुरोध पर 26 अक्टूबर 2024 को इंटरपोल के माध्यम से लखविंदर के खिलाफ ‘रेड नोटिस’ जारी करवाया था। इसी नोटिस के आधार पर उसे अमेरिका में ट्रैक किया गया। उसे अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया गया और वह 25 अक्टूबर 2025 को दिल्ली पहुंचा, जहां हरियाणा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि इंटरपोल द्वारा जारी रेड नोटिस दुनियाभर की सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों को वांटेड भगोड़ों को ट्रैक करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए भेजा जाता है। सीबीआई के मुताबिक, पिछले कुछ सालों में इंटरपोल चैनलों के जरिये बेहतर समन्वय से 130 से अधिक वांटेड अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।

Previous articleदिल्ली पुलिस और ‘गला घोटूं गैंग’ में ताबड़तोड़ फायरिंग, एनकाउंटर के बाद शातिर गैंगस्टर हिमांशु गिरफ्तार
Next articleमेरा भोला है भंडारी’ फेम हंसराज रघुवंशी को जान से मारने की धमकी, लॉरेंस गैंग के नाम पर मांगे 15 लाख रुपए