राजधानी में दिनदहाड़े गुंडाराज: कार का शीशा फोड़ा, बुजुर्ग को घसीटा और डंडों से पीटकर तोड़ दीं दोनों टांगें

Join Us

नई दिल्ली (ए): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए एक बुजुर्ग की दिनदहाड़े बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। यह चौंकाने वाली घटना दक्षिणी पूर्वी दिल्ली के आलीगांव की बताई जा रही है। इस वारदात ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को पीडित रघुराज अपनी कार से घर से ऑफिस जा रहे थे। तभी मोहित नाम का शख्स अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा। आरोपियों ने पहले रघुराज की कार का शीशा फोड़ा और फिर उन्हें कार से बाहर खींचकर सडक़ पर डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
इस बर्बर मारपीट में रघुराज के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया है। पुलिस के अनुसार, इस हमले के पीछे की वजह पुरानी रंजिश है। आरोपी मोहित ने दो साल पहले आलीगांव में एक प्लॉट खरीदा था और उस पर कंस्ट्रक्शन करवा रहा था।
लेकिन एक महीने बाद ही डीडीए ने उस निर्माण को तोड़ दिया था।मोहित को शक था कि रघुराज ने ही उसकी डीडीए में शिकायत की थी। इसी रंजिश के चलते उसने रघुराज पर जानलेवा हमला किया।बीच सडक़ हुई इस पिटाई का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे आरोपी बेखौफ होकर बुजुर्ग की डंडे से पिटाई कर रहे हैं। वहीं, जब मौके पर मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी।फिलहाल, पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर दिल्ली के सरिता विहार थाने में केस दर्ज कर लिया है और आरोपी मोहित व उसके साथियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Previous articleसैकड़ों स्मार्टफोन के विस्फोट से भडक़ी आग, फोरेंसिक टीम का खुलासा
Next articleबिहार जाने वाली ट्रेनों में ठसाठस भीड़, राहुल गांधी का केंद्र पर हमला कहां हैं 12,000 स्पेशल ट्रेनें?