भोपाल (निप्र)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को एक पत्र लिखा है। पत्र के माध्यम से जीतू पटवारी ने लाड़ली बहना योजना, भावांतर भुगतान योजना और मंडी टैक्स बढ़ाये जाने के प्रस्ताव जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनकी सरकार को घेरते हुए तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा है कि मध्य प्रदेश की जनता को आप पर विश्वास था कि “डॉ.” उपाधि के साथ सत्ता में आने वाला व्यक्ति “संवेदनशीलता और सत्यनिष्ठा” से शासन करेगा। लेकिन, जिस तरह आपकी सरकार किसानों और महिलाओं के साथ व्यवहार कर रही है, उसने यह विश्वास पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है!
जीतू पटवारी ने अपने पत्र में कहा कि ‘लाड़ली बहन योजना’ को लेकर भी आपकी सरकार का दोहरापन फिर सामने आ चुका है! आपने भाईदूज पर लाड़ली बहनों के खाते में 250 भेजने की घोषणा की थी! प्रदेशभर से महिलाओं को राजधानी बुलाया भी गया, लेकिन वित्त विभाग की मंजूरी नहीं मिलने और बजट के संकट के चलते बहनों के खाते खाली रह गए! क्या यही मध्य प्रदेश में “आत्मनिर्भर महिला” बनाने का “सरकारी-संकल्प” है।








