मप्र में हवाओं की दिशा बदली, नमी बढ़ी, कई हिस्सों में बदला मौसम का मिजाज

Join Us

भोपाल,(ए)। मध्य प्रदेश में हवाओं की दिशा बदलने और वातावरण में नमी बढऩे के कारण मौसम ने करवट ले ली है। बीते दिन शुक्रवार को पूर्वी और दक्षिणी मध्य प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बारिश भी दर्ज की गई। वर्तमान में दक्षिण-पूर्वी अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात सक्रिय है, जो शनिवार तक केरल और कर्नाटक तट पर कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। अगले दो दिनों में इसके अवदाब के रूप में विकसित होने की संभावना है।दरअसल, हवा की दिशा बदलने से रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है। गुरुवार और शुक्रवार की रात अधिकतर शहरों में तापमान 20 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। केवल छतरपुर का नौगांव ऐसा स्थान रहा जहां पारा 15 डिग्री तक गिरा। वहीं दिन के तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उज्जैन, इंदौर, ग्वालियर और खजुराहो में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री के बीच बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एच.एस. पांडे ने बताया कि शनिवार को भोपाल और इंदौर संभाग के जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है। पिछले 24 घंटों में भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, उज्जैन और जबलपुर संभाग के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। नमी के कारण दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी मध्यप्रदेश में बादल छाए रहने की संभावना बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि इस समय पूर्वी हवाओं के साथ बीच-बीच में दक्षिणी हवाएं भी चल रही हैं, जिससे वातावरण में नमी बढ़ रही है और बादल बन रहे हैं। यह स्थिति अगले एक सप्ताह तक बनी रह सकती है।मौसम विभाग के अनुसार, इंदौर संभाग के चार जिलेबड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुरमें शनिवार को हल्की बूंदाबांदी और बादल छाए रहने की संभावना है। वहीं भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में दिनभर धूप खिली रहने की उम्मीद है।मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि नवंबर से ठंड का असली दौर शुरू होगा, जो जनवरी के अंत तक जारी रहेगा। इस बार फरवरी तक भी ठंडक का असर महसूस हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस साल 2010 के बाद सबसे अधिक सर्द सर्दी देखने को मिल सकती है। सर्दियों के दौरान सामान्य से ज्यादा बारिश की संभावना भी जताई गई है, क्योंकि उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ बार-बार मौसम को प्रभावित करेंगे।

Previous articleबिहार की जनता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा को अलविदा कह देगी : कांग्रेस
Next articleकोलार मेजर लिफ्ट परियोजना में बिलकिसगंज के नजदीकी 44 गांव शामिल होंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव