खरीदी के विशेष मुहूर्त धनतेरस पर दमका बाजार, जमकर हुआ कारोबार

Join Us

 दुकानों पर दिन भर उमड़ती रही भीड़, देर शाम तक होती रही खरीदी
नर्मदापुरम (निप्र)। त्योहार पर खरीदी के विशेष मुहूर्त धनतेरस की शाम से बाजार में खरीदी में अच्छी खासी तेजी रही। दीपोत्सव का त्योहार दीपावली की शुरूआत धनतेरस से हो गई है। त्योहारी वस्तुओं की खरीदी की ओर लोग अग्रसर हो रहे हैं। धन तेरस के अवसर पर दिन में ग्राहकी कम हुई शाम को मुख्य बाजार क्षेत्र में खरीददारी करने वालों की भीड़ उमड़ती रही। एसएनजी स्टेडियम में दीपावली से संबंधित वस्तुओं का अलग ही बाजार लगाने से सतरस्ता, इंदिरा चौक, जय स्तंभ सहित मुख्य बाजार क्षेत्र में छोटी-छोटी दुकाने लगी हुई थी जिससे बाजार की यातायात व्यवस्था बिगड़ती रही। इसी तरह चौक चौराहों पर यातायात व्यवस्था ठीक नहीं रही। धनतेरस पर करोड़ों का कारोबार होने का अनुमान लगाया जा रहा है। अभी दीपावली को और ज्यादा खरीदी की उम्मीद है। कसेरा बाजार, सराफा बाजार में शाम के समय बहुत भीड़ रही। सभी दुकानों पर खरीददार अपनी पसंद की सामग्री खरीदने के लिए पहुंच रहे थे। दीपावली के इस त्योहार पर खरीदी के मुहूर्त में लोगों ने सोने चांदी सहित अन्य धातु की सामग्री की खरीदी की। परंपरानुसार इस दिन खरीदी करना शुभ माना जाता है। ज्वेलरी व्यापारी प्रदीप अग्रवाल व वर्तन व्यवसायी लालू कांस्कार ने बताया कि पहले दिन अच्छी ग्राहकी रही। अब दीपावली को भी उम्मीद है।
जमकर हो रही वाहनों की खरीदी
इस बार दो पहिया के साथ ही चार पहिया वाहन की खरीदी में तेजी रही। दो पहिया वाहन विक्रेताओं के यहां पर कुछ दिन पूर्व से ही बुकिंग की गई थी। जिन लोगों ने अपनी पसंद के वाहन देख गए थे उनके पसंद के वाहनों पर पर्ची चिपकी हुई थी। वाहनों पर क्रम भी डला हुआ था। वाहन के शो रूम पर पर्ची लगी अनेक गाड़ी खड़ी हुई थी। दिन भर वाहन खरीदने वालों का तांता लगा हुआ था। किसानों ने ट्रैक्टर भी खरीदे हैं। एक अनुमान के तहत एक ही दिन में करीब दो करोड़ के वाहनों की बिक्री होने का अनुमान है।
बर्तन और पूजन सामग्री की हुई तेज बिक्री
हर बार की तरह सबसे ज्यादा भीड़ कसेरा बाजार में रही। यहां पर खरीदारी करने के लिए पूरे दिन और देर शाम तक लोगों की भीड़ लगी रही।
कई लोग नए बर्तन और धातुओं की बनी प्रतिमाएं खरीदने पहुंचे। कुछ लोगों ने मिट्टी की प्रतिमाएं भी खरीदी। पूजन सामग्री के साथ ही बर्तन बाजार में एक दर्जन से अधिक बड़ी दुकानों पर दिन भर भीड़ लगी रही। इसके अलावा छोटी दुकानों पर भी खरीददारी हो रही थी। कसेरा बाजार में करीब सवा करोड़ का करोबार हुआ दूसरे दिन रविवार को भी बिक्री की आस है।
वस्त्रों की दुकानों पर हुई खूब खरीदी
बाजार में अन्य सामान के साथ वस्त्र और विशेष रूप से रेडीमेड वस्त्रों की अच्छी खासी बिक्री हुई है। जिसके चलते शहर की करीब चालीस से 50 दुकानों पर लगातार दिन भर बिक्री का माहौल रहा। बाजार में वस्त्रों की बिक्री का आंकडा 50 लाख तक पहुंच गया होगा।
लाखों के बिके पटाके
आतिशबाजी के बाजार में भी बिक्री होना शुरू हो गया है। पटाके पर महंगाई का असर है। इसके बाद भी करीब 50 लाख के पटाके बिकने का अनुमान है। इसी तरह मिठाई, घरेलू उपयोगी सामग्री, फर्नीचर, किराना सहित अन्य अनेक सामग्री मिलाकर करीब 02 से 03 करोड का करोबार होने का अनुमान है। इन सबके अलावा अभी दीपावली की बिक्री होना और बांकी है। त्योहार पूर्व कर्मचारियों को वेतन मिलने से बाजार में कर्मचारी वर्ग खरीदी करने में व्यस्त हैं।

 

Previous articleरतलाम में सज गया मां महालक्ष्मी का मंदिर,पांच दिनों तक आभूषण और नोटों से सजा रहेगा
Next articleभारत एक दशक में कमजोर पांच से शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ : पीएम मोदी