जहां लग चुके उन्हें भी निकलवाया जाएगा
ये कांग्रेस के जबरदस्त दबाव और जन आक्रोश का परिणाम – पंकज शर्मा
सीहोर। मप्र राज्य विद्युत नियामक आयोग ने प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाए जाने की समयसीमा को 31 मार्च 2028 तक बढ़ा दिया है। राज्य विद्युत नियामक आयोग के इस निर्णय का कांग्रेस पार्टी ने स्वागत किया है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने कहा है कि इन स्मार्ट मीटरों से ज्यादा रीडिंग बनने और बढ़े हुए बिल आने के मामले सामने आ रहे थे और जनता में इसे लेकर जबरदस्त आक्रोश था। कांग्रेस पार्टी ने जन भावनाओं को देखते हुए इनको लगाए जाने का विरोध किया तथा हमारे जबरदस्त विरोध और दबाव का ही ये परिणाम है कि हर हाल में ताकत और बंदूक की दम पर इनको लगाने की जिद पर अड़ी विद्युत वितरण कंपनी का ये निर्णय आज आयोग ने आगे तक के लिए बढ़ा दिया। पंकज शर्मा ने कहा कि जनहित के इस मामले में भाजपा नेताओं की चुप्पी भी जनता ने देखी है और जनता इसका जवाब उनको देगी। पंकज शर्मा ने इनको लगाए जाने की अनिवार्यता 31 मार्च 2028 नहीं बल्कि पूरी तरह समाप्त करने की मांग करते हुए कहा कि जहां ये मीटर लग चुके हैं, वहां से भी इनको हटवाने के लिए बिजली कंपनी के अधिकारियों से चर्चा कर समाधान निकालने का पूरा प्रयास किया जाएगा।








