नई दिल्ली (ए.)। दशहरा और दिवाली के त्योहारों से ठीक पहले केंद्र सरकार ने अपने लाखों कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी दी है। वित्त मंत्रालय ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए केंद्रीय कर्मचारियों को नॉन-प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (एड-हॉक बोनस) देने की घोषणा की है। इस फैसले के तहत, सभी पात्र कर्मचारियों को 30 दिनों के वेतन के बराबर की राशि बोनस के रूप में मिलेगी। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा?
जारी आदेश के मुताबिक, इस बोनस का लाभ केंद्र सरकार के ग्रुप ‘सी’ के सभी कर्मचारियों और ग्रुप ‘सी’ के उन सभी गैर-राजपत्रित कर्मचारियों को मिलेगा, जो किसी अन्य प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस स्कीम में शामिल नहीं हैं। इनके अलावा, केंद्रीय अर्धसञ्जसैनिक बलों और सशस्त्र बलों के पात्र कर्मियों के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेशों के उन कर्मचारियों को भी यह बोनस दिया जाएगा जो केंद्र सरकार के वेतन पैटर्न का पालन करते हैं। हालांकि, इस बोनस के लिए पात्रता की कुछ शर्तें भी हैं, जिसके तहत लाभ केवल उन्हीं कर्मचारियों को मिलेगा जो 31 मार्च, 2025 तक सेवा में थे और जिन्होंने वर्ष 2024-25 के दौरान कम से कम 6 महीने की निरंतर सेवा दी हो। जिन कर्मचारियों ने पूरे साल सेवा नहीं दी है, उन्हें सेवा के महीनों के अनुपात में (प्रो-राटा आधार पर) यह बोनस प्रदान किया जाएगा।








