डॉ. राजकुमार मालवीय बोले – “हमारी सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान है”
जावर (सीहोर)। शारदीय नवरात्रि की पंचमी तिथि, दिनांक 27 सितंबर 2025 (शनिवार) को कर्मयोगी जनकल्याण केंद्र शाखा जावर द्वारा भव्य कन्या पूजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का सफल आयोजन देवगंगा इन रेस्टोरेंट हॉल, मैन हाईवे रोड, पंजाबी तड़का ढाबा के पास, जावर में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 2 बजे विधिवत कन्या पूजन से हुआ, जिसमें नौ कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उन्हें पूजित किया गया तथा उन्हें उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात भजन-कीर्तन, कविता पाठ, लोक नृत्य एवं बांसुरी वादन जैसे विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ हुई, जिनमें स्थानीय कलाकारों ने भावपूर्ण प्रस्तुतियाँ दीं।
लोकप्रिय कवि कविराज संदीप द्विवेदी ने अपनी ओजपूर्ण कविता पाठ से श्रोताओं को भाव-विभोर किया, वहीं बांसुरी वादक एवं मालवी भजन गायक संदीप द्विवेदी ने लोक-संगीत के माध्यम से भक्तिरस की अविरल धारा बहाई। पायल और मोनिका ने आकर्षक लोक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यालय प्रभारी, झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ, डॉ. राजकुमार मालवीय ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने कहा, “हमारी सांस्कृतिक विरासत हमारी पहचान है। इसे संजोकर रखना हम सबका दायित्व है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जुड़ने का अवसर मिलता है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गंगाराम पंवार, केंद्र अध्यक्ष ने बताया कि, “हमारा उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान करना नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाली संस्कृति को आगे बढ़ाना है।”
कार्यक्रम संयोजक बापूलाल पांडेय ने आयोजन की सफलता हेतु सभी सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर भागीरथ सिंगरौले, डॉ. राघवेन्द्र खेड़ले, अनिल मालवीय, सुरेश सहित अनेक गणमान्य नागरिक विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और अधिक बढ़ा दिया।
इस आयोजन में मां हिंगलाज सेवा समिति, कर्मयोगी, कर्मभूमि, एडवांसमेंट फॉर इनिशिएटिव सोसायटी एवं अभ्युदय रिसर्च एंड सोशल डेवलपमेंट फाउंडेशन का विशेष सहयोग रहा।
समापन पर प्रसाद वितरण हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी सम्मिलित हुए। कार्यक्रम की गरिमा और श्रद्धा ने सभी उपस्थितों को एक स्मरणीय अनुभव प्रदान किया।








