15 सितंबर को ज्ञापन लेने नहीं आने पर भारतीय किसान संघ नें ठान लिया था बढ़ा आंदोलन करना
ट्रैक्टर ट्राली लेकर आ गए सैंकड़ों किसान, घंटो बैठी रही जिला प्रशासन की टीम, बाहर से बुलाना पड़ा बल
नर्मदापुरम। भारतीय किसान संघ 15 सितंबर को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंप कर अपनी समस्या बताना चाह रहा था। लेकिन कलेक्टर ज्ञापन लेने के लिए नहीं पहुंची। इससे किसानों में आक्रोश पनप गया था। करीब दो घंटें इंतजार करने के बाद किसान संघ के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों को बैरंग जाना पड़ा था। यह उनको नागवार गुजरा था। उसी दिन संघ के पदाधिकारियों ने तय कर लिया था कि जिला प्रशासन को किसान संघ की शक्ति दिखानी पड़ेगी। उसकी तैयारी में संघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुट गए। किसान आक्रोश रैली निकालना तय हुआ। जिसके तहत शुक्रवार को कृषि उपज मंडी नर्मदापुरम में किसान आक्रोश रैली एवं सभा का का आयोजन हुआ। जिसमें जिले भर से ट्रैक्टर ट्राली लेकर आए सैंकड़ों किसानों नें सहभागिता की। किसानों की बड़ी हुई संख्या को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने पड़ोसी जिले से पुलिस बल बुला लिया। मंडी से लेकर कलेक्ट्रेट तक अनेक स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया। जिला प्रशासन की एक टीम मंडी परिसर में घंटो बैठी रही। किसान संघ की सभा करीब तीन घंटे चली।
संघ के जिला मंत्री शंकरसिंह पटैल नें बताया कि किसानों की समस्याएं ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को अवगत कराते हैं लेकिन निरंकुश प्रशासन लगातार उपेक्षा करता है। इस असंवेदनशीलता के कारण ही जिले भर से किसानों को आना पड़ा।
सहकारी समितियों से बंटे खाद नहीं होगी कालाबाजारी
संघ के उदय कुमार पाण्डेय नें बताया कि किसान संघ विगत कई वर्षों से सहकारी समितियों के माध्यम से ऋण एवं नगद खाद वितरण व्यवस्था के पक्ष में है लेकिन सुझावों को प्रशासन नें ताक पर रख दिए हैं। भगवान भरोसे जिला प्रशासन चल रहा है। किसानों को खाद बीज बिजली पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। अभी संघ का यह सांकेतिक प्रदर्शन है व्यवस्था नहीं सुधरी तो जिला प्रशासन को अच्छे से किसान शक्ति का अहसास करा देंगे।
कलेक्टर को ज्ञापन लेने पहुंचना पड़ा मंडी
कलेक्टर को ज्ञापन लेने के लिए मंडी पहुंचना पड़ा। कलेक्टर के पहुंचते ही किसानों ने जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रशासन तेरी तानाशाही नहीं चलेगी। कितनी ऊंची जेल तुम्हारी देखी है और देखेंगे सहित अन्य नारे लगाए उसके बाद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपे गए। कलेक्टर ने भी खाद पानी, बिजली व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
शहर में निकली ट्रैक्टर रैली
सभास्थल से कलेक्टर के जाने के बाद किसानों की ट्रेक्टर रैली शहर के अनेक मार्गों से निकाली गई। जिससे देवी धाम जाने वाले श्रद्धालुओं तथा शहर के नागरिकों को परेशानी हुई। इस प्रदर्शन में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रामभरोस बसोतिया प्रांत संगठन मंत्री भरत पटैल प्रांत अध्यक्ष सर्वज्ञ दीवान ओमप्रकाश उपाध्याय उदयकुमार पाण्डेय देवेन्द्र पटैल जिलाध्यक्ष ओमकार राजपूत मंत्री शंकरसिंह पटैल सहमंत्री रजत दुबे मंगलसिंह राजपूत सूरजबली जाट ब्रजेश राजपूत श्रीराम दुबे रेवक सिंह ठाकुर मनमोहन व्यास शिवमोहन सिंह गोपाल पटैल लखनलाल चौधरी ललित चौहान राजकुमार राजपूत एवं अनेक गांवों से पधारे किसान उपस्थित रहे।






