सागर का जैसीनगर होगा जय शिवनगर- प्रस्ताव आते ही इसे नगर परिषद बनाएंगे
सागर (ए.) । सागर के जैसीनगर का नाम जय शिव नगर होगा। गुरुवार को सीएम डॉ. मोहन यादव ने सुरखी विधानसभा के जैसीनगर पहुंचकर इसकी घोषणा की। सीएम ने यहां कहा कि मैं जैसीनगर का नाम जय शिव नगर करने की घोषणा करता हूं। आपका प्रस्ताव आने पर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही सीएम ने जैसीनगर को नगर परिषद बनाने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में उन्होंने करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेसी कुछ भी कहें लेकिन इसी दीपावली के बाद भाई दूज से लाड़ली बहनों को 1500 रुपए मिलना शुरू होंगे। सीएम ने कहा कि ये कांग्रेसी रोते रहें, हमारे पास इतना पैसा है कि हम बहनों को देते रहेंगे। उन्होंने बेबस नदी परियोजना बनाने की भी घोषणा की। जैसीनगर में कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल खोलने और मसुहाई से तोड़ा के बीच करीब 60 करोड़ की लागत से 25 किमी लंबा मार्ग बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सोयाबीन की फसल जहां-जहां खराब हुई है। उसका सर्वे कराकर मुआवजा दिलाया जा रहा है।
सीएम ने कहा कि आज सिंगल विंडो का शुभारंभ किया है। इस समय जिस तरह घर-घर नल से जल पहुंच रहा है। ठीक इसी तरह आने वाले समय में घर-घर लाइन के जरिए गैस पहुंचेगी। सिंगल विंडो से सभी प्रकार की अनुमति और एनओसी मिलेंगी। कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस गोमांस और गोवंश को लेकर बात करते हैं। लेकिन हमारी सरकार 2004 के बाद मप्र में गोवंश को लेकर कानून लेकर आई। गोमांस और गोवध की तो छोड़ो, गोमाता को कोई परेशान नहीं कर सकता है। यदि परेशान करेगा तो उसकी जगह जेल में होगी।
गोशालाओं की संख्या बढ़ाई गई। दूध उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है लेकिन इन कांग्रेसियों ने कभी फूटी कोढ़ी नहीं दी। कोई योजना नहीं बनाई। बड़ी बेशर्मी बोलते हैं कि लाड़ली बहनों को पैसे मत दो दारू पीती हैं। शर्म आना चाहिए। उनको माफी मांगना चाहिए।
सीएम के सामने मंत्री राजपूत ने रखी मांगें
कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मंच से कहा कि राशन की जानकारी हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए पोर्टल तैयार किया गया है। अब हितग्राहियों को मोबाइल पर एसएमएस से राशन की जानकारी मिलेगी। उन्होंने सीएम से मांग करते हुए कहा कि जैसीनगर सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है। इसे नगर पंचायत बनाया जाए। कन्या हायर सेकंडरी स्कूल की स्वीकृत मिल जाए। राजघाट की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी तो बहुत गांव डूब में आ जाएंगे। ऐसे में बेबस नदी पर परियोजना के द्वारा बांध बनाया जाए। जहां से सागर, मकरोनिया, आर्मी और सुरखी विधानसभा के करीब 30 गांवों को पानी मिलेगा। स्वास्थ्य केंद्र का भवन जर्जर हो रहा है। जैसीनगर में सिविल अस्पताल की घोषणा कर दें और भवन बनवा दें। जैसीनगर कॉलेज में साइंस के बच्चों के लिए लैब और कॉमर्स का पाठ्यक्रम शुरू करा दें। मसुहाई से तोड़ा 25 किमी का मार्ग बनाने की घोषणा कर दें।
ऊर्जा क्षेत्र में बदलाव, सिटी गैस नीति की शुरुआत
राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के अनुसार, मुख्यमंत्री सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नीति-2025 का लोकार्पण कर रहे हैं। इस नीति के अंतर्गत राज्य के जिलों में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन और वाहनों के लिए सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इससे घर-घर स्वच्छ और सस्ता ईंधन उपलब्ध होगा। सरकार निवेशकों को आकर्षित कर मध्यप्रदेश को ग्रीन एनर्जी हब के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता
मंत्री राजपूत ने कहा कि राशन वितरण को पारदर्शी बनाने के लिए उपभोक्ताओं को एसएमएस अलर्ट के माध्यम से जानकारी मिलेगी। ‘आपका राशन-आपका अधिकार’ जागरूकता के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। उपभोक्ताओं को राशन की मात्रा और दुकान में खाद्यान्न पहुँचने की जानकारी पंजीकृत मोबाइल पर भेजी जाएगी।
सिंगल विंडो पोर्टल से मिलेगी अनुमति और एनओसी
सीएनजी स्टेशन परिचालन और पाइपलाइन बिछाने के लिए सिंगल विंडो पोर्टल बनाया गया है। जिला कलेक्टर को अनुमति देने का अधिकार होगा। संस्थाएं पोर्टल पर आवेदन कर 60 दिन में एनओसी और 77 दिन में अनुमति प्राप्त कर सकती हैं। जैसीनगर में आयोजित कार्यक्रम स्थल पर कृषि, उद्यानिकी, पंचायत, महिला एवं बाल विकास समेत अन्य विभागों की प्रदर्शनी लगाई गई। जिसका सीएम ने अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को विभागीय लाभों का वितरण किया। कार्यक्रम के बाद सागर के महाकवि सभागार में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुए।








