मुंबई (आरएनएस)। पंजाबी सुपरस्टार और ग्लोबल आइकन दिलजीत दोसांझ अपनी फिल्म ‘सरदार 3’ को लेकर हुए विवाद पर लंबे समय से चुप थे, लेकिन अब उन्होंने इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। अपने ‘औरा वर्ल्ड टूर’ के तहत मलेशिया में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान, दिलजीत ने ‘देशद्रोही’ कहे जाने पर भावुक होकर अपनी बात रखी और पाखंड पर भी सवाल उठाए।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कॉन्सर्ट की क्लिप में दिलजीत सबसे पहले मंच से भारतीय ध्वज को सलाम करते हैं। वह कहते हैं, वो मेरे देश दा झंडा है। इसके लिए हमेशा रिस्पेक्ट है। इसके बाद उन्होंने दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा, मेरी फिल्म सरदार जी 3 की शूटिंग फरवरी में हो गई थी, जबकि मैच अभी खेले जा रहे हैं। मेरे पास बहुत जवाब हैं लेकिन मैं चुप रहता हूं।
उन्होंने आगे कहा, अगर कोई आपके प्रति जहर उगल रहा है, तो भी आपको वो जहर अपने अंदर नहीं लेना चाहिए। मैंने जीवन से यह बात सीखी है, इसलिए मैं कोई प्रतिक्रिया नहीं देता। मीडिया हमेशा पंजाब की छवि गलत दिखाने की कोशिश करती है, लेकिन हम पंजाबी कभी भी देश के खिलाफ नहीं जाते हैं।
दरअसल, दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सरदार जी 3’ उस समय रिलीज हुई थी, जब ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और कश्मीर में पर्यटकों पर हुए हमले के बाद देश में पाकिस्तान को लेकर भारी गुस्सा था। उनकी फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर भी थीं, जिसके चलते हानिया के साथ काम करने को लेकर दिलजीत को जमकर ट्रोल किया गया, उनका बायकॉट हुआ और उन्हें ‘देशद्रोही’ तक कहा गया।
दिलजीत ने इसी पाखंड पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी फिल्म, जिसकी शूटिंग विवादों से महीनों पहले हो गई थी, का तो विरोध किया गया, लेकिन अब जब भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में क्रिकेट मैच हो रहे हैं, तो वैसा विरोध देखने को नहीं मिल रहा है। बता दें कि मौजूदा एशिया कप में भारत दो बार पाकिस्तान को आसानी से हरा चुका है और अब 26 सितंबर को उसका मुकाबला श्रीलंका से है।
00








