सीहोर । प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, चंद्रशेखर आज़ाद अग्रणी महाविद्यालय, सीहोर में ‘सेवा पखवाड़ा अभियान (17 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2025)’ के अंतर्गत “स्थानीय लघु एवं कुटीर उद्योगों के प्रति जागरूकता” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन प्राचार्य डॉ. रोहिताश्व कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। प्राचार्य महोदय ने अपने उद्बोधन में सेवा पखवाड़ा अभियान का उद्देश्य तथा परिकल्पना को विद्यार्थियों से साझा किया। उक्त कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में अर्थशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. शीलचन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में लघु एवं कुटीर उद्योगों का महत्वपूर्ण स्थान है। ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में रोजगार सृजन, स्थानीय संसाधनों का सदुपयोग और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने में इनकी बड़ी भूमिका है। डॉ. गुप्ता ने विशेष रूप से बताया कि कृषि क्षेत्र में छिपी हुई (अदृश्य) और मौसमी बेरोजगारी को दूर करने में लघु एवं कुटीर उद्योग अत्यंत सहायक होते हैं। ये उद्योग किसानों और ग्रामीण युवाओं को वैकल्पिक रोजगार के अवसर प्रदान करते हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होती है। मुख्य वक्ता ने यह भी उल्लेख किया कि सरकार द्वारा लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए वित्तीय सहायता राशि और ऋण (लोन) में छूट उपलब्ध कराई जाती है। इससे नए उद्यमियों को उद्योग शुरू करने और विस्तार करने में मदद मिलती है। कार्यक्रम में महाविद्यालय में समस्त प्राध्यापक, एन.सी.सी. कैडेट्स, रासेयो स्वयंसेवक तथा विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. देवेन्द्र वरवङे, संयोजक, सेवा पखवाड़ा अभियान तथा आभार डॉ. मौली थॉमस, कार्यक्रम अधिकारी, एन.एस.एस. द्वारा किया गया।








