-अखिलेश बोले- न्याय हुआ
सीतापुर/रामपुर,(ए)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान मंगलवार को 23 महीने बाद जेल से रिहा हो गए। सीतापुर जेल से बाहर आए आजम सफेद कुर्ता-पायजामा, काली जैकेट और आंखों पर काला चश्मा लगाए नजर आए। वे बेटों अब्दुल्ला आजम और अदीब आजम के साथ कार में बैठकर सीधे रामपुर के लिए रवाना हो गए।जेल से बाहर आते वक्त मीडिया ने उनसे बात करने की कोशिश की, लेकिन आजम खान ने खामोशी बनाए रखी। उन्होंने कार का शीशा तक नीचे नहीं किया। उनके काफिले के पीछे कई मीडिया वाहन चलते रहे, जबकि रामपुर में उनके स्वागत की तैयारियां पहले से ही चल रही थीं। इससे पहले आजम खान की रिहाई को देखते हुए सुबह से ही सीतापुर जेल के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जुट गई थी। समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा भी सैकड़ों समर्थकों के साथ उन्हें रिसीव करने पहुंची थीं।
हालांकि तय समय सुबह 7 बजे उन्हें रिहा किया जाना था, लेकिन चालान जमा न होने के कारण इसमें देरी हुई और करीब 12 बजे वे जेल से बाहर निकले।आजम खान की रिहाई पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खुशी जताई। उन्होंने कहा, आज उनके साथ न्याय हुआ है। आजम खान समाजवादी पार्टी परिवार के वरिष्ठ सदस्य हैं। सपा की सरकार बनते ही उन पर लगे सभी झूठे मुकदमे खत्म किए जाएंगे।
शिवपाल बोले- उन्हें गलत सजाएं सरकार ने दीं
इसी तरह सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने कहा, कि सरकार ने उन्हें गलत सजाएं दी थीं। अदालत ने मुकदमों में राहत दी है। हम अदालत के फैसले का स्वागत करते हैं। पार्टी पूरी तरह से उनके साथ है।








