सुखबीर बादल ने गुरदासपुर-जालंधर के लिए मक्का साइलेज से भरे 100 ट्रक किए रवाना

Join Us

चमकौर साहिब (आरएनएस)। शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने आज पशुओं के चारे के रूप में उपयोग के लिए गुरदासपुर और जालंधर में वितरण के लिए मक्के के साइलेज के 100 ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर रवाना यिा और पार्टी अगले महीने में राज्य भर के बाढ़ प्रभावित 50 हजार गरीब परिवारों को गेंहू वितरित करने की घोषणा की ताकि उन्हें अपने पैरों पर वापिस खड़े होने में सहायता मिल सके।
यहां अनाज मंडी में ट्रकों को हरी झंडी दिखाने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के ऑब्जर्वरों ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करके उन्हें बताया कि पशुओं के चारे की भारी कमी है इसीलिए पार्टी ने बाढ़ प्रभावित इलाकों को वितरण के लिए मक्का का साइलेज खरीदने का फैसला किया है। उन्होने कहा कि साथ ही लोगों ने बताया कि एक महीने से उनकी आजीविका छिन जाने के कारण उनके पास राशन की कमी है। उन्होने कहा,‘‘ इसीलिए हमने 50 हजार परिवारों को गेंहू उपलब्ध कराने का फैसला किया है।’’
सरदार सुखबीर सिंह बादल ने घोषणा की है कि शिरोमणी अकाली दल और शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) एक लाख एकड़ जमीन के लिए प्रमाणित बीज वितरित करेंगें। उन्होने कहा,‘‘ शिरोमणी अकाली दल और एसजीपीसी द्वारा दो लाख एकड़ जमीन के लिए प्रमाणित बीज वितरित करने की जिम्मेदारी लेने के साथ ही मैं पंजाब सरकार से बाढ़ प्रभावित शेष दो लाख एकड़ जमीन के लिए बीज वितरित करने की अपील करता हूं ताकि पूरे प्रभावित इलाके का कवर किया जा सके।’’ उन्होने कहा कि पंजाब सरकार को प्रभावित चार लाख एकड़ जमीन के लिए सभी किसानों को मुफ्त डीएपी वितरित करने की भी जिम्मेदारी लेनी चाहिए और इसके लिए ट्रैक्टर लगाकर रेत हटाने में योगदान देना चाहिए। उन्होने कहा कि अकाली दल शीघ्र ही ‘‘ ट्रैक्टर सेवा’’ शुरू करेगा, जिसके दौरान बाढ़ से प्रभावित जमीन से रेत हटाने के लिए मुफ्त डीजल भी उपलब्ध कराया जाएगा।
यह खुलासा करते हुए कि पार्टी ने बाढ़ राहत अभियान के नियमन के लिए एक निगरानी कमेटी गठित की है। उन्होने कहा,‘‘ हम किसानों और खेत मजदूरों को फिर से अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए वचनबद्ध हैं। अकाली कार्यकर्ता खेतों को सामान्य रूप में लाने के लिए उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेंगें।’’ उन्होने अन्य राजनीतिक पार्टियों और देशवासियों से भी पंजाब के बाढ़ प्रभावित किसानों की मदद करने की अपील की है। उन्होने कहा,‘‘ खालसा पंथ और पंजाबी देश भर में प्राकृतिक आपदाओं से पीडि़त देशवासियों की मदद के लिए आगे आए हैं और अब संकट के समय में पंजाबियों की मदद करने के लिए उन्हें आगे आना चाहिए।
ट्रकों को हरी झंडी दिखाने से पहले ‘अरदास’ की गई। सरदार बादल ने बताया कि यूथ अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सरबजीत सिंह झिंझर और उनकी टीम को मक्के का साइलेज वितरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
अकाली दल अध्यक्ष ने सुल्तानपुर लोधी के भरसोना और अहली बांधों पर किसानों से बातचीत करके उन्हे आश्वासन दिया कि वह बांधों को मजबूत करने के लिए डीजल, पोकलेन मशीन , लोहे की जालियां और ट्रैक्टर उपलब्ध करवाएंगें और खेतों से रेत साफ करने में भी मदद करेंगें।
अकाली दल अध्यक्ष के साथ वरिष्ठ नेताओं में डॉ. दलजीत सिंह चीमा, अमरजीत सिंह चावला, परमजीत सिंह ढि़ल्लों, परमबंस रोमाणा, बीबी गुरप्रीत कौर, एच एस वालिया, हरजप सिंह संघा, रविंदर सिंह खेड़ा, अर्शदीप सिंह कलेर भी मौजूद थे।
0

Previous articleभारत-पाक क्रिकेट मैच पर दोहरा रवैया गलत, पीएम मोदी पर अभद्र टिप्पणी अपराध: पप्पू यादव
Next articleस्वदेशी से ही हमारा राष्ट्र पूरी दुनिया का सिरमौर बनेगा-डॉ. मोहन यादव