नई दिल्ली (आरएनएस)। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में हथियारबंद हमलावरों ने असम राइफल्स के वाहन को निशाना बनाया। इस हमले में अर्धसैनिक बल के दो जवान शहीद हो गए, जबकि चार अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना नांबोल सबल लेइकाई इलाके में हुई।
जानकारी के मुताबिक, असम राइफल्स का वाहन इंफाल से बिष्णुपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान घात लगाकर बैठे बंदूकधारियों के एक समूह ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायल हुए।
सुरक्षा कड़ी, जांच तेज
घायल जवानों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि यह हमला किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है।








