पुण्य पर्व पर घाटों पर उमडेगा श्रद्धालुओं का सैलाब
नर्मदापुरम। 15 दिनों से जारी श्राद्ध पक्ष का आज समापन होना है। अाश्विन मास की अमावस्या को पितृ मोक्ष अमावस्या कहा जाता है। एक पखवाडे से श्रद्धालुओं के द्वारा अपने पितरों का तर्पण किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर पितरों की अमावस्या होने से शनिवार को नर्मदा तट के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ आने की संभावना है। बीते दिनों से लगातार हो रही वर्षा के चलते नर्मदाजी का जल स्तर ज्यादा बना हुआ है। इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से घाटों पर पुलिस बल और होमगार्ड सैनिक तैनात किए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन स्तर पर तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने सेठानी घाट सहित अन्य घाटों पर स्नान करने के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल और होमगार्ड के सैनिकों की ड्यूटी लगाई है। इसी के साथ राजस्व विभाग के अधिकारियों की भी ड्यूटी घाटों पर लगाई जा रही है।






