मेरे खिलाफ की गई झूठी एफआईआर को तत्काल शून्य घोषित करवाया जाए – पंकज शर्मा
सीहोर। जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने भोपाल पहुंचकर एक ज्ञापन भोपाल देहात जोन आईजी को सौंपा। जिसके माध्यम से उन्होंने उनके ऊपर बिना साक्ष्यों के राजनीतिक दबाव में दर्ज की गई एफआईआर को शून्य घोषित करने तथा सीहोर विधायक सुदेश राय और उनके समर्थकों पर मामला दर्ज किए जाने की मांग आईजी से की। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि दिनांक 1 सितंबर को सीहोर के भाजपा विधायक सुदेश राय के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर हमला कर दिया था और यहां आग लगाने का भी प्रयास किया था। इस दौरान सीहोर विधायक सुदेश राय ने पुलिस तथा प्रशासन के सामने खुलेआम उनको मां-बहन की गंदी-गंदी गलियां दी थीं और उनके घर में घुसकर उन्हें मारने की धमकी भी दी थी, जिसके वीडियो और फोटो सोशल मीडिया के साथ ही प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर भी प्रकाशित और वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में पंकज शर्मा द्वारा किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की गई है और लाठी-डंडे भाजपा कार्यकर्ताओं के पास दिखाई दे रहे हैं तथा वो जमकर कांग्रेस कार्यालय पर उत्पात मचा रहे हैं, लेकिन विधायक के दबाव में सिर्फ उनके ऊपर ही मारपीट करने का मामला दर्ज कर दिया गया। सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में वे अकेले कैसे किसी भाजपा कार्यकर्ता को मार सकते हैं, ये एक विचारणीय प्रश्न है। ये सब सीहोर विधायक सुदेश राय के दबाव में किया गया है, पंकज शर्मा का कभी भी कोई पुलिस रिकॉर्ड नहीं रहा है तथा उनके पिताजी ने 37 वर्ष पुलिस विभाग में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दी हैं, फिर भी सीहोर पुलिस ने सुदेश राय के दबाव में आकर उनके ऊपर मुकदमा कायम कर दिया, जबकि उनके द्वारा पेन ड्राइव में सीहोर कोतवाली थाना प्रभारी को पूरे सबूत देने के बाद भी अब तक दो हफ्ते गुजरने के बाद भी गालीबाज और धमकीबाज विधायक तथा उसके समर्थकों पर कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। पंकज शर्मा ने आगे कहा कि उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए सबूतों के आधार पर उनके ऊपर दर्ज एफआईआर को शून्य घोषित किया जाए तथा सीहोर विधायक सुदेश राय और उनके समर्थकों पर तत्काल मामला दर्ज कर उन्हें जेल में भेजा जाए। पंकज शर्मा ने बताया कि ये घटनाक्रम होने के बाद से ही उनको विधायक सुदेश राय के समर्थकों से सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही हैं और अगर उनके साथ कोई घटना-दुर्घटना या कोई अनहोनी होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी सीहोर विधायक सुदेश राय और उनके समर्थकों के साथ ही पुलिस और प्रशासन के उदासीन तथा पक्षपाती रवैए की होगी। पंकज शर्मा ने अंत में कहा कि इसके अलावा विधायक मुझे जेल भिजवाकर वहां भी मेरे साथ किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। उनके जेल जाने से सदमे में आकर या अवसादग्रस्त होकर मेरी पत्नी कोई आत्मघाती कदम उठाती हैं, या उन्हें कोई मानसिक आघात पहुंचता है तो इसकी भी पूरी जवाबदारी सुदेश राय और उनके समर्थकों के साथ ही सीहोर जिला पुलिस और प्रशासन की ही होगी।








