शिमला (आरएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद श्री अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल में प्राकृतिक आपदा के दृष्टिगत भाजपा शासित राज्यों से मिली मदद पर वहाँ की जनता व मुख्यमंत्रियों का आभार प्रकट करते हुए इसे मानवता की सच्ची मिसाल बताया है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा देवभूमि हिमाचल अभूतपूर्व प्राकृतिक आपदा के दौर से गुजर रहा है और पिछले कल आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने हिमाचल भ्रमण कर पीडि़तों का हाल भी जाना और देवभूमि के ज़ख्मों पर मरहम स्वरूप 1500 करोड़ की वित्तीय सहायता भी दी। यह देखना सुखद है कि देवभूमि हिमाचल की आपदा में सहायता के लिए भारतीय जनता पार्टी की कई राज्य सरकारें बढ़-चढ़ कर अपनी भूमिका निभा रही हैं। बाढ़-बारिश-भूस्खलन की तिहरी मार सह रहे हिमाचल की भाजपा शासित राज्यों की यह सहायता हमें आपदा के दर्द से उबरने व आपदा पीडि़तों की ज़रूरतों को पूरा करने में मददगार साबित होंगी। हिमाचल के दर्द को अपना दर्द समझ कर संकट की घड़ी में साथ खड़ा होना मानवता की सच्ची मिसाल है और इसके लिए मैं हरियाणा, उत्तर प्रदेश, त्रिपुरा की जनता व वहाँ के मुख्यमंत्रियों का हार्दिक आभार प्रकट करता हूँ। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 5 करोड़ की धनराशि के साथ-साथ की को 8 ट्रक राहत सामग्री हिमाचल को भेजी तो वहीं दूसरी तरफ़ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आपदा राहत कोष में 5 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता साथ-साथ दर्जनों ट्रक राहत सामग्री देवभूमि में आपदा पीडि़तों की मदद के लिए भेजी। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री श्री माणिक साहा जी ने भी 5 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद के साथ साथ कई ट्रक भर कर राहत सामग्री हिमाचल प्रदेश को भेज कर देवभूमि के प्रति अपना लगाव व यहाँ के निवासियों के प्रति अपनत्व के भाव को दिखाया है।








