बीजिंग(ए)। बीजिंग में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई एक ‘हॉट माइक’ बातचीत ने इसी कल्पना को हकीकत की शक्ल में छेड़ दिया। दोनों नेता अंग प्रत्यारोपण और इंसानों के 150 साल तक जीने की संभावना पर चर्चा कर रहे थे। उनकी बात अमर होने को लेकर थी। चीन के सरकारी ब्रॉडकास्टर सीसीटीवी की इस लाइव स्ट्रीम को करीब 1.9 अरब बार ऑनलाइन देखा गया और 40 करोड़ से ज्यादा लोगों ने टीवी पर देखा। जैसे ही पुतिन और शी तियानआनमेन मंच की ओर बढ़े, उनके अनुवादक को चीनी भाषा में कहते सुना गया- ‘बायोटेक्नोलॉजी लगातार विकसित हो रही है। इंसानी अंगों का लगातार प्रत्यारोपण किया जा सकता है। जितना लंबा जीवन होगा, उतना ही जवान महसूस होगा। यहां तक कि अमरता भी हासिल की जा सकती है। दरअसल, द्वितीय विश्व युद्ध की समाप्ति की 80वीं वर्षगांठ पर आयोजित भव्य सैन्य परेड के दौरान जब पुतिन और शी कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे थे, तभी कैमरे और माइक ने उनकी निजी बातचीत को कैद कर लिया। इस दौरान उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन भी उनके साथ मौजूद थे। हालांकि उनके अमर होने की बातचीत सुन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जरूर टेंशन में आ जाएंगे। वह नहीं चाहेंगे कि उनके दुश्मन अमर हो जाएं।
पुतिन ने कहा, मुझे लगता है जब हम परेड में जा रहे थे तो चेयरमैन (शी जिनपिंग) ने इस बारे में बात की थी। आधुनिक चिकित्सा और सर्जिकल तरीके, जैसे अंग प्रत्यारोपण, इंसान को यह उम्मीद देते हैं कि सक्रिय जीवन आज से बिल्कुल अलग तरीके से आगे बढ़ेगा।’ इस मुद्दे पर चीन के विदेश मंत्रालय और सीसीटीवी ने कोई जवाब नहीं दिया। वीडियो में जैसे ही शी जिनपिंग बोलना शुरू करते हैं, कैमरा तियानआनमेन स्क्वायर के वाइड शॉट पर चला जाता है और ऑडियो धीमा हो जाता है। लगभग 30 सेकंड बाद, कैमरा फिर से पुतिन, शी और किम को मंच की ओर बढ़ते हुए दिखाता है।








