भोपाल (आरएनएस)। साइंस हाउस मेडिकल प्राइवेट लिमिटेड (एसएचएमपीएल) पर इनकम टैक्स विभाग के छापों में टैक्स चोरी के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। जांच में विदेशी लिंक के साथ बोगस बिलिंग और सप्लाई की बात पता चली है। टीम ने साइंस हाउस के संचालकों के ठिकानों से एक करोड़ रुपए से अधिक की नकदी जब्त की है। बैंकों के 20 लॉकर सील किए गए हैं। इनकम टैक्स विभाग के अफसर साइंस हाउस के संचालक जितेंद्र तिवारी और उनके परिजन के बैंक खातों की भी जांच कर रहे हैं। जिन खातों में बड़ी रकम जमा हुई है, उसका स्रोत खंगाला जा रहा है। नकद राशि और ज्वेलरी के वेरिफिकेशन के लिए बैंक अधिकारियों की टीम को भी बुलाया गया था। जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर सीबीडीटी को सौंपी जाएगी। कंपाइल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित व्यक्तियों को अलग से पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।आयकर विभाग की टीम ने मंगलवार को भोपाल, इंदौर, मुंबई समेत कई शहरों में 30 से अधिक ठिकानों पर छापे मारे। कार्रवाई आज बुधवार को भी जारी है।आयकर विभाग की टीम मेडिकल सर्जिकल उपकरणों के कारोबारी राजेश गुप्ता के यहां भी सर्चिंग कर रही है। उनके भोपाल में लालघाटी स्थित मकान पर जांच के दौरान मिले दस्तावेजों से विदेशी लिंक का पता चला है। विदेश में उनकी संस्था और कारोबार की जानकारी मिलने के बाद इस मामले में ईडी की एंट्री भी तय मानी जा रही है। यह भी पता चला है कि जितेंद्र तिवारी, राजेश गुप्ता और अन्य के यहां से अर्जित अवैध आय से रियल एस्टेट में निवेश किया गया है।








