गया,(ए.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गयाजी में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिहार में एनडीए सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि राज्य की तस्वीर तेजी से बदली है। पहले तो बिहार के लोग ठीक कपड़ा भी नहीं पहन पाते थे। सीएम नीतीश ने कहा, कि 2018 में हमने हर घर तक बिजली पहुंचाई। अब अगस्त से 125 यूनिट बिजली मुफ्त देने की योजना लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा, कि 2020 में किए वादे के मुताबिक 10 लाख सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। अगले पांच साल में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पहले विधवा पेंशन 400 रुपए मिलती थी, जिसे बढ़ाकर 1100 रुपए कर दिया गया। पहले बिजली हर घर तक पहुंचाई गई और अब इस साल से बिजली मुफ्त देने का काम शुरू हो गया है।
सीएम नीतीश कुमार ने पुराने दिनों की तुलना करते हुए कहा, कि पहले तो बिहार में लोग ठीक से कपड़ा भी नहीं पहन पाते थे। हमारी सरकार ने सबके जीवन में सुधार लाने का काम किया है। मुस्लिम समाज हो या अन्य तबके के लोग, सबके लिए हमने काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में नए उद्योग लगाने वालों को हर संभव सहयोग मिलेगा। राज्य को विशेष आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे विकास की रफ्तार और तेज होगी। नीतीश कुमार ने दावा किया कि जितना काम उनकी सरकार ने किया है, उतना पहले कभी नहीं हुआ।








