कांवड़ यात्रा में हुई अव्यवस्थाओं को लेकर मानव अधिकार आयोग में सौंपा ज्ञापन

Join Us

गंदगी फैलाने वाले को स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर के पद से तत्काल हटाए सीहोर नपा
श्री विट्ठलेश सेवा समिति और प्रदीप मिश्रा पर की जाए कठोर कार्रवाई – पंकज शर्मा
सीहोर। श्री विट्ठलेश सेवा समिति और प्रदीप मिश्रा द्वारा 6 अगस्त को सीहोर में निकाली गई कांवड़ यात्रा में बदइंतजामी के चलते हुई मौतों तथा खुलेआम डीजे बजाकर शासन के निर्देशों की अवहेलना को लेकर सीहोर सर्व ब्राह्मण समाज के पूर्व जिला उपाध्यक्ष पंकज शर्मा ने मंगलवार को मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग में एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन के माध्यम से पंकज शर्मा ने प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वरधाम में पिछले 5 वर्षों में समिति की अव्यवस्थाओं और भगदड़ के चलते हुई मौतों और घायलों के सही आंकड़े पता करके इसमें समिति और प्रदीप मिश्रा की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उन्होंने वहां पिछले 5 वर्षों में हुई सभी दुर्घटनाओं की न्यायिक जांच कराकर समिति और प्रदीप मिश्रा की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पंकज शर्मा ने मृतकों और पीड़ितों के परिजनों को समिति द्वारा उचित मुआवजा दिलाए जाने तथा भविष्य में पर्याप्त इंतजाम करने और ऐसी घटनाएं ना होने का शपथ पत्र लेने की भी मांग की है और यदि भविष्य में वहां ऐसी कोई घटना होती है, तो समिति का पंजीयन रद्द कर उसकी सारी संपत्तियां राजसात की जानी चाहिए। उन्होंने कहा है कि समिति एक निजी संस्था है और अपने व्यक्तिगत हितों के लिए कार्य करती है, लेकिन इसके आयोजनों के दौरान पूरा प्रशासनिक अमला और पुलिस यहां लगा रहता है और सीहोर सहित आसपास के जिलों की प्रशासनिक और कानून व्यवस्था ध्वस्त हो जाती है और बड़ा ट्रैफिक जाम लगने से भी लोगों को काफी परेशानी होती है, विशेषकर एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड इसमें अगर फंस जाते हैं, तो बड़ी दुर्घटना होने की पूरी जिम्मेदारी समिति की होनी चाहिए तथा सरकार के निर्देशों के बाद भी खुलेआम एक दर्जन से भी अधिक डीजे बजाकर कानून का उल्लंघन करने पर भी समिति और प्रदीप मिश्रा पर मुकदमा कायम किया जाना चाहिए। इसके अलावा समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में शौचालय ना बनाए जाने से तथा खाद्य सामग्री सहित अन्य कचरे के निपटान के लिए उचित प्रबंध ना किए जाने से वहां काफी गंदगी हो रही है, जो बारिश के पानी के माध्यम से जमीन में तथा आसपास के नदी-नालों में मिलकर नजदीकी गांवों में बीमारी और महामारी का कारण भी बन सकती है और इससे सरकार के स्वच्छ भारत मिशन की भी खुलेआम धज्जियां उड़ रही हैं और दुर्भाग्य की बात ये है कि ऐसे गंदगी फैलाने वाले व्यक्ति को सीहोर नगरपालिका ने स्वच्छता का ब्रांड एंबेसडर बना रखा है, जो समझ से परे है। सीहोर नगरपालिका तत्काल उनको स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर के पद से हटाए और किसी अन्य योग्य व्यक्ति को ये जिम्मेदारी सौंपे। पंकज शर्मा ने आगे से इस समिति के आयोजनों में सरकारी अमला ना लगाने और समिति द्वारा अपने स्तर पर ही सारी व्यवस्था करने और पिछले वर्षों में लगाए गए सरकारी अमले के लिए समिति से राशि वसूलने की मांग भी की है। उन्होंने मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय अध्यक्ष महोदय से इस बारे में सीहोर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को आवश्यक दिशानिर्देश जारी कर श्री विट्ठलेश सेवा समिति और प्रदीप मिश्रा के खिलाफ उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Previous articleनव युवा संगठन के तत्वाधान में विराजमान किए जाऐंगे भगवान गणेश
Next articleविपुल चांडक भारतीय रेडक्रास सोसायटी सीहोर के सचिव नियुक्त