सर्वसुविधायुक्त बस स्टेंड से मिलेगा पर्यटन को बढ़ावा, कलाकारों के लिए बन रहा अत्याधुनिक आडोटोरियम
नर्मदापुरम्। नगरपालिका द्वारा नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव के नेतृत्व में समूचे नगर में विकास कार्य किए जा रहे हैं। नगर में बन रहे अत्याधुनिक सर्वसुविधायुक्त बस स्टेंड और आडोटोरियम का निरीक्षण नगरपालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले के साथ ही उपयंत्री दीक्षा तिवारी द्वारा किया गया। इस दौरान दोनों निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा करने तथा गुणवत्तापूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मिलेगा पर्यटन को बढ़ावा
नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती यादव ने बताया कि नगर धार्मिक पर्यटन के रूप में उभर रहा है। लगातार यहां धार्मिक सैलानियों की संख्या बढ़ती जा रही है। श्रद्धालुओं की संख्याओं को देखते हुए सर्वसुविधायुक्त अत्याधुनिक बस स्टेंड हमारी परिषद द्वारा बनाया जा रहा है। बुधवार को बस स्टेंड का निरीक्षण कर निर्माण एजेंसी को समयसीमा में तथा उच्च गुणवत्तायुक्त कार्य करने के निर्देश दिए हैं।
कलाकारों को मिलेगा स्थाई मंच
नपाध्यक्ष श्रीमती यादव ने बताया कि यहां के कलाकारों को स्थाई मंच देने के लिए अत्याधुनिक सर्वसुविधायुक्त आडोटोरियम बनाया जा रहा है। नगर सहित जिले भर के कलाकारों के लिए यह एक महत्वपूर्ण सौगात रहेगी। इस भवन के बन जाने से यहां के कलाकार अपनी कला को और अधिक निखार सकेंगे।






