नई दिल्ली(आरएनएस)। पिछले कुछ दिनों से पाकिस्तानी नेताओं द्वारा भारत के खिलाफ की जा रही भडक़ाऊ बयानबाजी पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भारत ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अगर पाकिस्तान की ओर से किसी भी तरह का दुस्साहस किया गया, तो उसे इसके ‘दर्दनाक परिणाम’ भुगतने होंगे। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान की इन हरकतों को उसकी आंतरिक विफलताओं से ध्यान भटकाने की एक पुरानी और जानी-पहचानी रणनीति करार दिया है।
गुरुवार को एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हमने पाकिस्तानी नेतृत्व द्वारा भारत के खिलाफ की जा रही लापरवाह, युद्ध भडक़ाने वाली और घृणित टिप्पणियों की रिपोर्ट्स देखी हैं। अपनी विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए भारत विरोधी बयानबाजी करना पाकिस्तानी हुक्मरानों की पुरानी आदत रही है। प्रवक्ता ने पाकिस्तान को संयम बरतने की सलाह देते हुए सख्त लहजे में कहा, पाकिस्तान को अपनी बयानबाजी पर लगाम लगानी चाहिए, क्योंकि किसी भी दुस्साहस के गंभीर परिणाम होंगे, जैसा कि हाल के दिनों में देखा भी गया है। भारत का यह बयान पाकिस्तान की ओर से लगातार आ रहे युद्ध के लिए उकसाने वाले बयानों के बाद आया है।
00








