कांवड़ यात्रा में बिना अनुमति के निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में बजा रहे थे डीजे
सीहोर, (निप्र )। सीहोर कोतवाली पुलिस द्वारा बिना अनुमति के तेज आवाज में डीजे बजाने, ध्वनि प्रदूषण फैलाने तथा वाहनों पर आकार से बड़े साउंड सिस्टम लगाकर राजमार्ग पर यातायात बाधित करने वाले 08 डीजे संचालको पर कार्यवाही की गई है। सीहोर में गत दिवस 06 अगस्त को कांवड़ यात्रा निकाली गई थी, जिसमें श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण हाईवे पर अधिक ट्रैफिक था। इस दौरान यह डीजे संचालक ध्वनि तीव्रता की निर्धारित सीमा से अधिक आवाज में डीजे बजा रहे थे तथा वाहनों पर उनके आकार से कई अधिक बड़े-बड़े साउंड सिस्टम लगाकर यातायात बाधित कर रहे थे। इस बात की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र यादव तथा उनकी टीम द्वारा अलग-अलग स्थानों से 08 डीजे जब्त किए गए तथा उनके विरुद्ध कोलाहल नियंत्रण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इन डीजे संचालकों पर की गई कार्रवाई
पुलिस द्वारा जिन डीजे संचालकों पर कार्रवाई की गई है उनमें त्रिनेत्र डीजे संचालक निखिल कुमार निवासी गुजरात, नटराज डीजे संचालक निवासी भोपाल, कसाना डीजे संचालक राजा सोलंकी निवासी सीहोर, छत्तीसगढ़ से आए डीजे संचालक स्वदेश छीरेले, बाबा डीजे संचालक कमलेश कुशवाह निवासी सीहोर, प्रशांत डीजे संचालक अश्विन काटने निवासी भोपाल, झारखंड से आए डीजे संचालक बाबूलाल तथा उत्तरप्रदेश से आए डीजे संचालक राजेंद्र पर कार्रवाई की गई है।








