नई दिल्ली (आरएनएस)। कीव पर रूसी ड्रोन और मिसाइल हमले में 5 बच्चों समेत 31 लोगों की मौत हो गई। जिसके बाद शहर में आधिकारिक शोक दिवस मनाया गया। इस हमले में 150 से अधिक घायल हुए हैं। हमलों को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि बृहस्पतिवार के हमलों में सबसे कम उम्र का पीडि़त दो वर्ष का था, घायलों में 16 बच्चे शामिल हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर 2022 में शहर पर हवाई हमले शुरू होने के बाद से कीव पर एक ही हमले में मारे गए और घायल हुए बच्चों की यह सबसे अधिक संख्या है। इस हमले को लेकर वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा, हमले से अब तक 31 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल हैं। सबसे छोटा बच्चा सिर्फ दो साल का था। मृतकों के परिवारों और प्रियजनों के प्रति मेरी संवेदना। 159 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 16 बच्चे भी शामिल हैं। सभी को वर्तमान में आवश्यक चिकित्सा सहायता मिल रही है। मैं बचावकर्मियों, पुलिस अधिकारियों, डॉक्टरों, नर्सों उन सभी का आभारी हूं जो इस समय लोगों की मदद कर रहे हैं।
‘दुनिया चुप ना रहे’
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि एक बार फिर, रूस का यह नृशंस हमला मॉस्को पर बढ़ते दबाव और अतिरिक्त प्रतिबंधों की आवश्यकता को दर्शाता है। क्रेमलिन चाहे जितना भी इन प्रतिबंधों की प्रभावशीलता से इनकार करे, प्रतिबंध काम करते हैं, इन्हें और मजबूत किया जाना चाहिए। यह भी जरूरी है कि दुनिया इन हमलों के बारे में चुप ना रहे। मैं उन सभी का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने हमारे लोगों का समर्थन किया है। हम इस बात की सराहना करते हैं कि राष्ट्रपति ट्रंप, यूरोपीय नेता और अन्य सहयोगी स्पष्ट रूप से देख रहे हैं कि क्या हो रहा है और रूस की निंदा कर रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा, अकेले जुलाई में, रूस ने यूक्रेन के खिलाफ 5,100 से ज्यादा ग्लाइड बम, 3,800 से अधिक ड्रोन और विभिन्न प्रकार की लगभग 260 मिसाइलों का इस्तेमाल किया, जिनमें से 128 बैलिस्टिक थीं।








