क्वेटा, (आरएनएस)। बलूचिस्तान उच्च न्यायालय ने बुजुर्ग नागरिक वाहिद कंबर बलूच के लापता होने के संबंध में गुरुवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय और पाकिस्तान के गृह मंत्रालय के सचिव को तलब किया। 19 जुलाई 2024 को ईरान से कथित तौर पर उनका अपहरण कर लिया गया था। अपहरण के एक साल बाद भी उनका कोई अता-पता नहीं है। उच्च न्यायालय ने बंदी प्रत्यक्षीकरण की सुनवाई करते हुए दोनों को अगली तारीख में पेश होने का आदेश दिया। द बलूचिस्तान पोस्ट की खबर के अनुसार, बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका वाहिद कंबर बलूच की ओर से अधिवक्ता हबीब ताहिर और शारी बलूच ने दायर की है। सुनवाई के दौरान उच्च न्यायालय ने पूर्व में पांच प्रतिवादियों को दिए गए नोटिसों की स्थिति के बारे में पूछताछ की। केवल दो जवाब प्रस्तुत किए गए, दोनों ही विदेश मंत्रालय के प्रतिनिधियों की ओर से थे। एक जवाब में संकेत दिया गया कि मंत्रालय ने तेहरान स्थित पाकिस्तान के दूतावास से संपर्क किया। दूतावास ने बताया कि ईरान-इजराइल संघर्ष के कारण स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। फिर भी दूतावास ने कहा कि जल्द से जल्द एक आधिकारिक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं।








