रिंग रोड और मुरली रेलवे ओवरब्रिज का कार्य तत्काल हो प्रारंभ
उद्योगपतियों से इकाई प्रारंभ करने शपथ पत्र भरवाए सरकार
झूठी वाहवाही लूटने और श्रेय की राजनीति ना करते हुए सीहोर का असली विकास करें जनप्रतिनिधि – पंकज शर्मा
सीहोर। शनिवार को मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव का सीहोर आगमन हो रहा है, जहां वो बढ़ियाखेड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में करोड़ों रुपए से स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन करेंगे। इस आयोजन को लेकर कांग्रेस पार्टी की प्रतिक्रिया सामने आई है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने एक बयान जारी कर कहा है कि मुख्यमंत्री सीहोर आकर कई बड़ी औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन करेंगे, जिससे सीहोर में विकास की नाई संभावनाओं के साथ ही रोजगार के नए अवसर बनेंगे, जिसका स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस इंडस्ट्रियल एरिया में पहले भी कई उद्योगों का भूमिपूजन किया गया था लेकिन इसमें से अनेकों इकाईयां धरातल पर नहीं उतर सकीं और केवल कागजों में सिमटकर रह गई। इसके अलावा सैकड़खेड़ी के पास स्थित दौलतराम इंडस्ट्रीज का कारखाना भी अब तक प्रारंभ नहीं हो सका है। पंकज शर्मा ने कहा कि यहां मुख्यमंत्री जिन इकाईयों का भूमिपूजन करने आ रहे हैं, उनसे लिखित में इकाई शुरू करने का गारंटी पत्र लें क्योंकि कई बार उद्योगपति इकाई के नाम पर सरकारी जमीन लेकर बाद में उद्योग स्थापित नहीं करते हैं और वो जमीन यूं ही पड़ी रहती है इसलिए ये गारंटी पत्र बहुत जरूरी है। पंकज शर्मा ने इस मामले में सीहोर के जनप्रतिनिधियों को आड़े हाथों लेते हुए उनको झूठी वाहवाही लूटने और श्रेय की राजनीति ना करने की सलाह देते हुए कहा कि यह क्षेत्र इछावर विधानसभा के अंतर्गत आता है और इसके लिए जरूरी संसाधन और सबसे महत्वपूर्ण चीज पानी की व्यवस्था भी भगवानपुरा तालाब से होती है, जो कि इछावर विधासभा क्षेत्र में स्थित है लेकिन सीहोर के जनप्रतिनिधि इसमें झूठी वाहवाही लूटने और श्रेय लेने की राजनीति करते हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। सीहोर के जनप्रतिनिधियों को सीहोर के विकास के लिए अगर कुछ ठोस काम करना है, तो उनको वर्षों से बंद पड़ी शुगर मिल को दोबारा प्रारंभ कराने या उसकी पांच हजार एकड़ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराकर वहां उद्योग स्थापित करने की दिशा में प्रयास करने चाहिए ताकि सीहोर के लोगों को रोजगार मिल सके और यहां से होने वाला पलायन रुक सके। पंकज शर्मा ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि सीहोर में बनने वाले रिंग रोड को अकारण ही रद्द कर दिया गया है, इसका निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराया जाए, साथ ही मुरली रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण भी कराया जाए, ताकि सीहोर के विकास को असली गति मिल सके और सच्चे अर्थों में यहां का विकास हो सके और सीहोरवासियों को रोजगार के लिए अपनी जन्मभूमि छोड़कर बाहर ना भटकना पड़े।







