भोपाल(आरएनएस)। एमपी में शुक्रवार को भी कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर रहा। सीधी में 9 घंटे 4.8 इंच पानी गिर गया। भोपाल समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा वहीं अशोकनगर के चंदेरी में राजघाट डैम के 12 गेट खोले गए।मध्य प्रदेश में स्ट्रांग सिस्टम एक्टिव होने की वजह से पिछले 2 दिन से तेज बारिश का दौर चल रहा है। शुक्रवार को भी कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर रहा। सीधी में 9 घंटे 4.8 इंच पानी गिर गया। भोपाल समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहा। वहीं अशोकनगर के चंदेरी में राजघाट डैम के 12 गेट खोले गए। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को पचमढ़ी में डेढ़ इंच, उमरिया, मलाजखंड, छिंदवाड़ा और गुना पौन इंच, सागर, ग्वालियर और नर्मदापुरम में आधा इंच बारिश हुई। भोपाल, बैतूल, दतिया, रायसेन, शिवपुरी, उज्जैन, दमोह, जबलपुर, मंडला, नरसिंहपुर, सिवनी, डिंडौरी, सिंगरौली, सतना, अनूपपुर, मऊगंज, मुरैना, अशोकनगर, सीहोर, देवास, राजगढ़, शाजापुर समेत कई जिलों में बारिश का दौर बना रहा। नर्मदापुरम के इटारसी में तवा डैम के 3 गेट सीजन में पहली बार शाम 4.30 बजे खोले गए। शाम 7 बजे दो और गेट खोल दिए गए। 5 गेटोंं से 55,680 क्यूसेक पानी नर्मदा में छोड़ा जाएगा। जबलपुर में बरगी डैम के दो गेट और खोले गए हैं। इससे पहले 5 गेट खोले गए थे। अब कुल 7 गेटों से 40,259 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बैतूल के सारणी में सतपुड़ा डैम के भी 7 गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।








