– वरिष्ठ भाजपा नेता, पूर्व नगर पालिका, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हुए कावड़ यात्रा में शामिल
सीहोर। सनातन धर्म में भगवान शिव की भक्ति का पवित्र माह सावन मास को माना जाता है। यह महीना भगवान शिव की भक्ति में लीन होने का होता है। सावन मास में जगह-जगह पार्थिव शिव लिंगों का निर्माण किया जाता है, तो वहीं कावड़ यात्राएं भी निकाली जाती हैं। हम सब भाग्यशाली हैं कि हमें सिद्धपुर की नगरी सीहोर में भी कुबेरेश्वर धाम के रूप में भगवान शिव का एक धाम मिला है। यह बातें भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व नगर पालिका एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने कही। वे सीहोर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्र कादराबाद, बड़ा खजुरिया, छोटा खजुरिया, चांदबढ़, निपानिया कला, जानपुर बाबड़िया सहित अन्य गांवों के लोगों के साथ में कावड़ यात्रा में शामिल हुए। यह कावड़ यात्रा ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय के नजदीकी कुबेरेश्वरधाम पर पहुंची। इस दौरान श्री अरोरा भी कावड़ लेकर पैदल चले एवं भगवान शिव की भक्ति में लीन नजर आए। इस दौरान श्री अरोरा ने बम-बम भोले के जयकारे भी लगाए एवं सभी लोगों से अपील की कि वे भी श्रावण महीने में कुबेरेश्वर धाम पहुंचे और अपने जीवन की धन्य बनाएं। इस दौरान अरोरा मित्र मंडल सहित उनके समर्थक भी मौजूद रहे।








