जकार्ता(आरएनएस) । इंडोनेशिया में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां 280 से अधिक यात्रियों से भरे एक पैसेंजर जहाज में भीषण आग लग गई। अपनी जान बचाने के लिए घबराए हुए यात्री जलते हुए जहाज से सीधे समुद्र में कूद गए। इस खौफनाक मंजर के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।यह हादसा उत्तरी सुलावेसी के तालिस द्वीप के पास हुआ, जब केएम बार्सिलोना वीए नामक जहाज में अचानक आग लग गई। जहाज पर बच्चों समेत 280 से ज्यादा लोग सवार थे। वायरल हुए फुटेज में जहाज पूरी तरह से आग की लपटों में घिरा और उससे घना काला धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है। घबराए हुए लोग मदद के लिए चिल्लाते हुए और अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि कई यात्रियों ने लाइफ सेफ्टी जैकेट पहन रखी है, लेकिन कई लोग बिना जैकेट के ही दहशत में समुद्र में कूद गए। हादसे के वक्त पास से गुजर रही मछली पकडऩे वाली कई नौकाओं ने देवदूत बनकर काम किया। इन मछुआरों ने तुरंत हरकत में आते हुए कई लोगों को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला और अपनी नावों पर चढ़ाकर किनारे तक पहुंचाया।इंडोनेशियाई खोज और बचाव दल ने बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और न ही अधिकारियों ने किसी के हताहत होने की पुष्टि की है।








