पूर्णिया (आरएनएस)। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर अपनी बिहार बदलाव यात्रा के तहत लगातार अलग-अलग जिलों और प्रखंडों में लोगों से संवाद कर रहे हैं। इसी कड़ी में वे बुधवार को पूर्णिया पहुंचे।प्रशांत किशोर ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बिहार में संपूर्ण क्रांति और व्यवस्था परिवर्तन के उद्देश्य से 20 मई को जेपी की जन्मभूमि सिताब दियारा से बिहार बदलाव यात्रा की शुरुआत की गई। यात्रा का उद्देश्य व्यवस्था परिवर्तन के लिए बिहार की जनता को जागरूक करना है। इस क्रम में महाराष्ट्र में जारी भाषा विवाद को लेकर उन्होंने ठाकरे बंधुओं पर निशाना साधते हुए कहा कि यह मामला सिर्फ और सिर्फ वहां होने वाले बीएमसी चुनाव से जुड़ा है। ये दोनों भाई लोकल बॉडी चुनाव में अपनी-अपनी पकड़ साबित करना चाहते हैं, इसलिए मराठी भाषा को लेकर विवाद कर रहे हैं।उन्होंने दोनों भाइयों को लेकर भाजपा और कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोनों भाइयों से ज्यादा जिम्मेवारी तो देश की दोनों बड़ी पार्टियों, भाजपा और कांग्रेस की है, जो इनके साथ मिलकर सरकार चलाते रहे हैं।








